Kaimur News : रामगढ़ में वृद्ध की हत्या, छोटा भाई हिरासत में

शनिवार की सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़का सिझुआ गांव के बधार में स्थित कुआं से एक वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया है. इस मामले में मृतक के छोटे भाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
रामगढ़. शनिवार की सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़का सिझुआ गांव के बधार में स्थित कुआं से एक वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया है. इस मामले में मृतक के छोटे भाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. साथ ही शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया. मृतक बड़का सिझुआ गांव निवासी स्व हरी यादव के पुत्र 65 वर्षीय यमुना यादव बताये जाते हैं. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह में ही घर पर खाना खाने के बाद दोनों भाई खेत में दवा का छिड़काव करने के लिए बधार की तरफ जाने के लिए निकले थे. देर शाम तक जब घर नहीं लौटे तो बड़े भाई के परिजन खोजबीन शुरू कर दी. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कहीं पता नहीं चला, तो पूरी रात परिजनों द्वारा तलाश की गयी. वहीं, अगले सुबह यानी शनिवार को जब ग्रामीण गांव के बधार की ओर निकले, तो बधार स्थित कुएं के पास बल्टी और मृतक का गमछा पड़ा था. सुबह के वक्त कुएं के पानी से बुलबुला निकल रहा था. लोगों काे शक हुआ कि शायद शव इसी में होगा. जब ग्रामीण कुएं में जाकर देखे तो शव पानी के नीचे था. शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. साथ ही मौके पर कई लोग जुट गये, जिनके द्वारा परिजन सहित पुलिस को सूचना दी गयी. इसके बाद घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना को लेकर मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील निझर व थानाध्यक्ष राजू कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की. # हत्या के बाद घर से फरार था छोटा भाई रामगढ़ थाना क्षेत्र के बड़का सिझुआ गांव में 60 वर्षीय बड़े भाई यमुना यादव के साथ छोटा भाई परमहंस यादव एक साथ खेत पर दवा छिड़कने के लिए गये थे. लेकिन, शुक्रवार की रात से ही छोटा भाई और उसकी पत्नी दोनों फरार थे. इसे देखते हुए पुलिस को शक हुआ तो छोटा भाई को थाना बुला कर पूछताछ कर रही है, जिसमें मारपीट के साथ-साथ कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है. मालूम हो कि मृतक चार भाई थे. इसमे दो भाई एक साथ, तो बाकी दो भाई अलग रहते थे. मृतक के एक पुत्र व दो पुत्री है. पुत्र 22 वर्षीय दिनेश यादव है. मृतक का बेटा दिनेश कुछ माह पहले ही हैदराबाद से अपने गांव आया था, जो अपने गांव पर ही रह कर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. # क्या कहते हैं डीएसपी इस संबंध में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया रामगढ़ के बड़का सिझुआ गांव के बधार से एक वृद्ध का शव कुआं से बरामद किया गया है. इस मामले में मृतक के छोटे भाई को हिरासत में रख कर पूछताछ की जा रही है. शुक्रवार की सुबह दो भाई में मारपीट हुई थी. इसके साथ ही कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










