Kaimur news : दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 50 लाख के आभूषण व 50 हजार नकद उड़ाये

सोमवार की देर रात बाजार के आरके ज्वेलर्स की दुकान व तिजोरी का ताला तोड़ शातिर चोरों द्वारा दुकान में रखे गये लगभग 50 लाख रुपये के आभूषण व 50 हजार रुपये चोरी कर ली गयी.
नुआंव. सोमवार की देर रात बाजार के आरके ज्वेलर्स की दुकान व तिजोरी का ताला तोड़ शातिर चोरों द्वारा दुकान में रखे गये लगभग 50 लाख रुपये के आभूषण व 50 हजार रुपये चोरी कर ली गयी. इस तरह की भीषण चोरी से आक्रोशित व्यवसायियों ने मोहनिया-बक्सर पथ को जगदेव चौक पर चार घंटे तक जाम कर पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. मालूम हो 10 दिनों के अंदर बाजार के स्वर्ण दुकानों से दूसरी बार चोरी की घटना हुई है, जिसे लेकर आक्रोशित व्यवसायियों ने जाम के दौरान मुख्य सड़क पर टायर जलाकर पुलिस के विरुद्ध रोष प्रकट करते हुए पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाये. घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार राजेश वर्मा पिता विश्वनाथ सेठ द्वारा थाने में दुकान के अंदर तिजोरी में रखे गये 580 ग्राम सोने व 16 किलोग्राम चांदी के आभूषणों के साथ 50 हजार रुपये चोरी होने का आवेदन दिया गया है. बीते 19 फरवरी को बाजार के गायत्री ज्वेलर्स की दुकान के आलमारी से चोरी गये लगभग 12 लाख रुपये के आभूषणों की गुत्थी अभी पुलिस सुलझा ही नहीं पायी थी कि चोरों द्वारा एक बार फिर दूसरे स्वर्ण दुकान से लगभग 50 लाख रुपये के आभूषणों की चोरी कर पुलिस को सीधी चुनौती देने का काम किया है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी प्रदीप कुमार व इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर द्वारा व्यवसायियों को काफी समझाने के लगभग चार घंटे बाद 12 बजे व्यवसायी सड़क जाम से हटे. # जांच के दौरान पुलिस को मिले कई अहम सुराग कांड के उद्भेदन को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी द्वारा एक-एक बिंदुओं की बारीकी से जांच की गयी. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया चोर कटरा वाले दुकान में बाजार के मुख्य रास्ते के बजाय मकान के पीछे वाली गली के अंदर पुराने व जर्जर भवन जिसमें पिछले दो वर्षों से कोई नहीं रह रहा था, उसके गेट का ताला तोड़ छत के रास्ते दुकान में प्रवेश किया गया था. छत से नीचे उतरने वाली बॉस की छोटी सीढ़ी को भी पुलिस ने उसी गली के खंडहर में बरामद किया है. छत पर पहुंचने के बाद चोरों द्वारा छत पर लगे बड़े लोहे के ग्रिल को हटाते हुए नीचे कटरा में प्रवेश कर छत से नीचे आने वाले गेट का ताला तोड़कर सभी चोर अंदर आये, अंदर पहुंचने पर सबसे पहले उनके द्वारा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के वायर को कट किया गया था. साथ ही दुकान के शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखे गये तिजोरी को तोड़ इसके अंदर एक-एक लॉकर को तोड़ते हुए लगभग 50 लाख रुपये के आभूषण के साथ 50 हजार रुपये नगद चोरी कर ली गयी. थानाध्यक्ष को सीसीटीवी कैमरे को खंगालने का निर्देश चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोरों द्वारा चुराये गये सभी स्वर्ण आभूषणों को लेकर घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर मेला मैदान पार कर जायसवाल प्लस टू हाई स्कूल से लगभग 500 मीटर दूर एक ईंट भट्ठे के समीप निर्जन स्थान पर चुराये गये आभूषणों को उनके डब्बे से निकालते हुए सारे डब्बे को आग लगाकर जला दिया गया था, जिसे मौके पर पहुंचे डीएसपी द्वारा जांच के दौरान बरामद करने के साथ चोरों के मास्क, उक्त स्थल पर अधजली बीड़ियां व कुछ अन्य सुराग हासिल किये गये हैं. इस दौरान डीएसपी व इंस्पेक्टर द्वारा बाजार में लगाये गये कई सीसीटीवी कैमरे को थानाध्यक्ष को खंगालने के निर्देश भी दिये गये. इसके साथ ही थाने पर पहुंच डीएसपी ने बाजार के एक शिष्टमंडल के साथ बैठक कर उनसे जाम हटाने व उक्त कांड के पुलिस द्वारा जल्द उद्भेद करने की बात कही गयी. एसपी के आने की मांग को लेकर अड़े रहे व्यवासायी सड़क जाम के दौरान चार घंटे तक मुख्य सड़क को जाम के दौरान व्यवसायी घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी, चोरी गये सामान की बरामदगी व जिले के कप्तान (एसपी) के घटनास्थल पर आने की मांग को लेकर अड़े रहे. इस दौरान समाजसेवी विनायक जायसवाल व लालू इद्रीसी, चिया सेठ, संजय वर्मा ने कहा पिछले 10 दिनों में बाजार में यह चौथी चोरी की घटना है, जिसमें पुलिस द्वारा एक भी मामले का उद्भेदन नहीं किया गया है, आखिर हम व्यवसायी रात में अपनी दुकान किसके सहारे छोड़ के घर जायें. वहीं, 19 फरवरी को गायत्री ज्वेलर्स की दुकान में 12 लाख रुपये के आभूषणों की हुई चोरी मामले में दुकान के मकान मालिक विकास जायसवाल ने कहा पुलिस आरोपित चोरों को पकड़ने के बजाय हम मकान मालिकों से ही सवाल कर रही कि दुकान के शटर की कितनी चाबियां थीं, तब डीएपी ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा साहब अभी मुख्यालय से बाहर मीटिंग में गये हैं, शाम तक वह आप लोगों से मिलने जरूर आयेंगे, भरोसा रखिये, साथ ही कांड का उद्भेदन जल्द करने का भरोसा दिया गया. #क्या कहते हैं डीएसपी इस संबंध में डीएसपी प्रदीप कुमार ने कहा जिला मुख्यालय से डीआइओ की टीम वैज्ञानिक अनुसंधान के तहत डंप लोकेशन पर काम कर रही है. डिहरी से डॉग स्क्वायड की टीम (खोजी कुत्ता) के साथ चल चुकी है, साथ ही आज से रात में थाने के अलावा मेरी अलग से टीम 11 बजे से सुबह छह बजे तक बाजार की निगरानी में मुस्तैद रहेगी. इंस्पेक्ट यहां कैंप करेंगे, एसपी साहब द्वारा मेरे नेतृत्व में अलग से जांच टीम गठित की गयी है, भरोसा रखिये बहुत जल्द उक्त कांड का उद्भेदन किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










