सिपाही बहाली के नाम पर सात लाख की ठगी, चार पर प्राथमिकी

KAIMUR NEWS.बिहार पुलिस में सिपाही की बहाली कराने के नाम पर एक व्यक्ति से सात लाख रुपये की जालसाजी करने का मामला सामने आया है.
भभुआ थाना क्षेत्र का मामला, नौ लाख रुपये में सिपाही बनाने की हुई थी डील प्रतिनिधि,भभुआ सदर बिहार पुलिस में सिपाही की बहाली कराने के नाम पर एक व्यक्ति से सात लाख रुपये की जालसाजी करने का मामला सामने आया है. इस मामले में पीड़ित चांद थाना क्षेत्र के लेदरी गांव निवासी और फिलहाल पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के उड़ानटोला अनीसाबाद में रह रहे महेंद्र सिंह यादव ने भभुआ थाने में चार नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में बारे गांव निवासी जितेंद्र सिंह यादव, उनके बेटे कृष्ण कुमार व पवन कुमार यादव और नीबी गांव निवासी निर्मल सिंह यादव को आरोपित बनाया गया है.पीड़ित ने बताया कि उनका बारे गांव निवासी जितेंद्र सिंह यादव के यहां आना-जाना था. नीबी गांव निवासी निर्मल सिंह यादव भी वहां आते थे, जो जितेंद्र सिंह के समधी हैं. इसी दौरान जितेंद्र सिंह और उनके दोनों बेटों ने षड्यंत्र के तहत निर्मल सिंह को आगे कर उनके बेटे मोहित सहगल की पुलिस में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया.नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपितों ने नौ लाख रुपये खर्च होने की बात कही. इस पर विश्वास कर 22 अप्रैल 2024 को महेंद्र सिंह यादव ने जितेंद्र सिंह के बैंक खाते में छह लाख रुपये और निर्मल सिंह के खाते व मोबाइल के माध्यम से एक लाख रुपये भेज दिये. इसके बाद बिहार पुलिस की बहाली प्रक्रिया शुरू होकर समाप्त भी हो गयी, लेकिन उनके बेटे की नौकरी नहीं लगी. जब वह इस संबंध में बारे गांव जाकर जितेंद्र सिंह से मिले तो आरोपितों ने अगली बहाली में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया.पीड़ित ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की गुहार लगायी.भभुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




