ePaper

अतिक्रमण हटाओ अभियान बेअसर, दोपहर बाद फिर सड़कों पर कब्जा

Updated at : 19 Jan 2026 5:03 PM (IST)
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाओ अभियान बेअसर, दोपहर बाद फिर सड़कों पर कब्जा

नगर पर्षद कर्मी व पुलिस हटते ही चौक-चौराहों पर लौटता अतिक्रमण

विज्ञापन

नगर पर्षद कर्मी व पुलिस हटते ही चौक-चौराहों पर लौटता अतिक्रमण नो पार्किंग जोन में धड़ल्ले से खड़े वाहन, आमजन परेशान भभुआ ग्रामीण. बीते कुछ दिनों से नगर पर्षद प्रशासन द्वारा नगर थाना पुलिस की मदद से शहर में अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरती जा रही है. नगर पर्षद की ओर से टैक्स दारोगा सहित अन्य कर्मियों को भी अतिक्रमण पर नजर रखने के लिए लगाया गया है. इसके बावजूद अतिक्रमणकारी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं. स्थिति यह है कि जब तक एकता चौक, सब्जी मंडी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर नगर पर्षद के कर्मी व पुलिस मौजूद रहते हैं, तब तक सड़कें व फुटपाथ चौड़ी नजर आती हैं. लेकिन दोपहर बाद जैसे ही कर्मियों व पुलिस की नजर कमजोर होती है, अतिक्रमणकारी व इधर-उधर वाहन लगाने वाले अपनी मनमानी पर उतर आते हैं. शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक एकता चौक व सब्जी मंडी रोड पर सड़कें सब्जी दुकानदारों, ऑटो व इ-रिक्शा से भरी पड़ी थीं. जैसे ही नगर पर्षद के कर्मी व पुलिस मौके पर पहुंचे, सड़क के दुश्मन बने लोग हट गये. लेकिन, दोपहर करीब तीन बजे कर्मियों व पुलिस के हटते ही ठेला पर सब्जी व फल बेचने वाले दुकानदार फिर सड़कों पर काबिज हो गये. यहां तक कि ऑटो, इ-रिक्शा के साथ सरकारी व निजी वाहन भी सड़कों पर खड़े दिखने लगे. इस कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान भी कूंद पड़ता नजर आ रहा है और चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात वाली कहावत चरितार्थ होती दिख रही है. हाल फिलहाल में नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव व पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क पर उतरकर शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर जोर-शोर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. इस दौरान सब्जी मंडी रोड, एकता चौक, कचहरी रोड सहित वन विभाग मोड़, पटेल चौक व जेपी चौक पर अतिक्रमण करने वाले सब्जी दुकानदारों, ठेला व फुटपाथी दुकानदारों को सड़क से छह फुट पीछे हटाया गया था. साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी थी. इस कार्रवाई से लोगों को काफी राहत मिली थी और वर्षों से अतिक्रमण के कारण संकरी हो चुकी सड़कें चौड़ी नजर आने लगी थीं. लेकिन बीते कुछ दिनों से नगर पर्षद के सुस्त पड़ते ही शहर की स्वच्छता व विकास में बाधा बने अतिक्रमणकारी पुनः सड़कों पर काबिज होने लगे हैं. शहर के शैलेंद्र सिंह, रवि अग्रवाल व प्रवीण का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान से कुछ दिन राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब हालात फिर पहले जैसे हो गये हैं. जहां-तहां वाहन खड़े होने से भी परेशानी शहर में अतिक्रमण ही एकमात्र समस्या नहीं है. जहां मन किया वहां दोपहिया व चारपहिया वाहन खड़े कर दिये जाने से भी आमजन परेशान हैं. पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने व वाहन चालकों की मनमानी पर कार्रवाई नहीं किये जाने के कारण शहर पीक आवर में रेंगता नजर आता है. खासकर एकता चौक, जेपी चौक व पटेल चौक पर जहां-तहां खड़े वाहन नगर पर्षद के नो पार्किंग जोन का मजाक उड़ाते दिखते हैं. परिवहन व पुलिस विभाग भी केवल हेलमेट व कागजात जांच तक ही सीमित नजर आता है, जबकि सड़कों पर खड़े वाहनों से हो रही परेशानी पर उनका ध्यान नहीं जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन