दरभंगा: कोसी नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा, 10 लोग नदी में गिरे, 3 लापता

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 10 Jun 2026 1:11 PM

विज्ञापन

लापता लोगों की तलाश में जुटी एसडीआरएफ टीम

दरभंगा के घनश्यामपुर में कोशी नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. नाव पर सवार 10 लोगों में से सात को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो महिला और एक बच्ची लापता हैं. एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार खोज अभियान चला रही है. पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन

दरभंगा के घनश्यामपुर से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिले के किरतपुर प्रखंड अंतर्गत जमालपुर थाना क्षेत्र के झगरूवा गांव के समीप बनरी ढालान के पास मंगलवार सुबह कोसी नदी में एक नाव पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया. नाव पर सवार 10 लोग नदी में गिर गए. स्थानीय लोगों और रिंग बांध पर कार्य कर रहे एक कर्मी की मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो महिला और एक बच्ची अब भी लापता हैं.

मूंग तोड़ने जा रहे थे सभी लोग

जानकारी के अनुसार कुबौल और तरवारा गांव के लोग निजी नाव से कोशी नदी पार कर अमृतनगर गांव मूंग तोड़ने जा रहे थे. सुबह करीब आठ बजे नदी पार करने के दौरान तेज धारा में नाव असंतुलित होकर पलट गई. नाव पर कुल 10 लोग सवार थे. हादसे के बाद नदी में चीख-पुकार मच गई.

स्थानीय लोगों ने बचाई सात लोगों की जान

घटना के समय रिंग बांध पर कार्य कर रहे रविंद्र कुमार यादव और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया. सभी घायलों का इलाज किरतपुर में कराया जा रहा है.

लापता लोगों में तरवारा गांव की कंचन देवी, कुबौल मुसहरी गांव की अमीरा देवी और 11 वर्षीय नेहा कुमारी शामिल हैं.

एसडीआरएफ और गोताखोर चला रहे खोज अभियान

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार, एसडीएम शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और सीओ आशुतोष सनी मौके पर पहुंचे. बाद में एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक तीनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था.

पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में नाव हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्तावित पुल का निर्माण समय पर पूरा हो गया होता तो लोगों को जान जोखिम में डालकर नाव से सफर नहीं करना पड़ता.

ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन