दरभंगा: घनश्यामपुर में राजद का धरना, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

धरना-प्रदर्शन में शामिल राजद नेता और कार्यकर्ता.
घनश्यामपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष राजद ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार की नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर विरोध जताया. नेताओं ने जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी. पढ़ें पूरी खबर..
घनश्यामपुर (दरभंगा) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
Darbhanga News: घनश्यामपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
धरना को संबोधित करते हुए अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से राजद के पूर्व विधायक प्रत्याशी विनोद मिश्रा ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन महिलाओं और बेटियों के साथ दुष्कर्म तथा अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है.
बिहार में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ी : सुनील कुमार
प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल है. उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और महंगाई भी लगातार बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार समाधान के बजाय केवल दावे करने में व्यस्त है.
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरना में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी सरकार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रहने का आरोप लगाया.
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
मौके पर जवाहर साफी, फखरे आलम लड्डू, मो. नासिर अहमद, सुरेंद्र यादव, रंजीत सिंह, मो. कमरे आलम, बिंदेश्वर यादव, नीलेखन यादव, रामप्रकाश यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










