LNMU में PAT-2024 की अधिसूचना वापस लेने के विरोध में सफल अभ्यर्थियों का धरना, आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
फोटो-8परिचय- कुलपति को ज्ञापन देते गौतम झा व अन्य.   | Prabhat Khabar Network

कुलपति को ज्ञापन देते गौतम झा व अन्य.

लनामिवि में पीएटी-2024 की अधिसूचना वापस लेने के विरोध में छात्रों ने धरना दिया. सफल अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार और नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है.

विज्ञापन

Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) में मिथिला स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले पीएटी-2024 की अधिसूचना वापस लेने तथा नए सिरे से विज्ञापन जारी करने के राजभवन के निर्देश के विरोध में सफल अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन किया. विश्वविद्यालय अध्यक्ष गौतम झा के नेतृत्व में अभ्यर्थियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर अपने भविष्य को लेकर चिंता जतायी और प्रक्रिया दोबारा शुरू करने का विरोध किया.

LNMU PAT-2024: सफल अभ्यर्थियों ने जताया विरोध

धरना को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय अध्यक्ष गौतम झा ने कहा कि लनामिवि पहले ही पीएटी-2024 की लिखित परीक्षा आयोजित कर चुका है और उसका परिणाम भी प्रकाशित हो चुका है. ऐसे में अधिसूचना वापस लेकर पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू करना सैकड़ों सफल अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है.

उन्होंने कहा कि यदि प्रक्रिया में किसी स्तर पर प्रशासनिक या प्रक्रियागत त्रुटि हुई है, तो उसकी सजा छात्रों को नहीं मिलनी चाहिए. सफल अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मौजूदा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाना चाहिए.

नियमों में संशोधन कर दूर की जा सकती है त्रुटि

आदर्श मिश्रा ने कहा कि राजभवन के निर्देशानुसार बिहार राज्य विश्वविद्यालय पीएचडी अध्यादेश एवं विनियम, 2026 के अनुरूप अन्य पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल करने, साक्षात्कार आयोजित करने और विषयवार रिक्तियों का उल्लेख करने जैसे बिंदुओं पर संशोधन किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि इन बिंदुओं को पूरा करने के लिए पूरी अधिसूचना वापस लेना उचित नहीं है. इससे पहले से सफल अभ्यर्थियों के सामने अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो रही है.

परिणाम सुरक्षित रख साक्षात्कार कराने की मांग

पीएटी अभ्यर्थी अनीशा सिंह और सुधा कुमारी ने मांग की कि पीएटी-2024 में सफल अभ्यर्थियों का परिणाम सुरक्षित रखा जाए. साथ ही जल्द से जल्द साक्षात्कार और नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि सफल अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित न हो.

अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की तैयारी शुरू कर दी थी. अब पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू होने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो गयी है.

मांग नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो मिथिला स्टूडेंट यूनियन चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा.

धरना में आनंद पासवान, आशीष देव, पिंटू यादव, शिवम झा, अनीश कर्ण, किशन झा, शशिनाथ पोद्दार, रजनीश कुमार, शुभम झा, सिराज, सत्यम कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

कुलपति को सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कुलपति को सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति के साथ वार्ता कर पीएटी-2024 के सफल अभ्यर्थियों के हित में जल्द समाधान निकालने की मांग की.

यह भी पढ़ें: कांटी में हरि सिंह स्कूल के सामने बनेगा फुट ओवरब्रिज, NHAI ने दी मंजूरी


विज्ञापन
Pravin Kumar Chou

लेखक के बारे में

By Pravin Kumar Chou

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन