बेउर जेल के बाहर छात्रों की रिहाई का इंतजार, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

केउर जेल के बाहर छात्रों के परिजन अपने बच्चों की रिहाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. कई परिवारों ने पुलिस पर हिरासत में छात्रों से मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है. एक छात्र ने आपबीती सुनाते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.
Bihar Student Protest: बेउर जेल के बाहर मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और उनके परिजन अपने बच्चों की रिहाई का इंतजार करते रहे. घंटों इंतजार के बाद परिजनों का सब्र जवाब देने लगा. कई परिवारों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए छात्रों के साथ मारपीट की गई और उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है.
आज छोड़े गए छात्र बेल पर बाहर आए
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जिन छात्रों को जेल से बाहर छोड़ा गया है, उन्हें सरकार की ओर से जारी रिहाई के आदेश के तहत नहीं, बल्कि बेल पर रिहा किया गया है. बताया गया कि छात्रों के परिजनों ने उनकी परीक्षा को देखते हुए बेल फाइल किया था. न्यायिक प्रक्रिया के बाद छात्रों को परीक्षा देने के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति मिली.
सरकार की चिट्ठी के तहत अभी एक भी छात्र नहीं हुआ रिहा
वहीं, सरकार की ओर से छात्रों की रिहाई को लेकर जारी चिट्ठी के तहत अभी तक एक भी छात्र को रिहा नहीं किया गया है. जानकारी के अनुसार, इस संबंध में अभी कागजी प्रक्रिया चल रही है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार के आदेश के तहत छात्रों को जेल से छोड़े जाने की संभावना है.
बताया जा रहा है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभवत: बुधवार सुबह तक छात्रों की रिहाई हो सकती है. ऐसे में आज बेल पर बाहर आए छात्रों की रिहाई को सरकार की ओर से प्रस्तावित रिहाई से अलग माना जा रहा है.
परिजनों का आरोप- 13 छात्रों की रिहाई की मिली थी जानकारी
परिजनों के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि 13 छात्रों को जेल से रिहा किया जाएगा, क्योंकि कई छात्रों की परीक्षा भी होनी है. हालांकि, मंगलवार को जिन छात्रों को बाहर निकाला गया, उनकी रिहाई बेल के आधार पर हुई है. इसके अलावा एक फूड ब्लॉगर को भी छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है. बाकी छात्रों की रिहाई को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है.
छात्र ने सुनाई आपबीती, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जेल से बाहर आए एक छात्र ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उसने कहा कि उसे लाइब्रेरी से बाहर निकलते समय पकड़ लिया गया था. छात्र का आरोप है कि पूछताछ के बाद 10 से 15 पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसकी पिटाई की. उसने दावा किया कि उसे करीब डेढ़ सौ लाठियां मारी गईं, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है.
छात्र ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की. उसने कहा कि अंदर छात्र हैं या आतंकवादी, जिस तरह की कार्रवाई की गई है, वह काफी परेशान करने वाली है.
लाइब्रेरी के सीसीटीवी फुटेज का किया दावा
पीड़ित छात्र ने दावा किया कि जिस समय उसे लाइब्रेरी से पकड़ा गया, उस पूरी घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है. उसने कहा कि जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है.
परिजन बोले- पुलिस ने बताया, कल होगी रिहाई
छात्रों के परिजनों का कहना है कि वे सुबह से ही बेउर जेल के बाहर खड़े होकर रिहाई का इंतजार कर रहे हैं. उनका आरोप है कि जेल गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि बाकी छात्रों को अगले दिन छोड़ा जाएगा. सरकार की ओर से जारी चिट्ठी के तहत रिहाई की कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों को बाहर निकाले जाने की संभावना है.
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
छात्रों और उनके परिजनों की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है. वहीं, छात्रों की रिहाई को लेकर बेल और सरकार की ओर से जारी आदेश की प्रक्रिया अलग-अलग चल रही है. प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










