दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने के लिए अभियान, 2 अगस्त तक पंचायतों में लगेंगे शिविर

Updated:
विज्ञापन
चीनी मिलों के लिए बढ़ेगा गन्ने की खेत का रकबा, किसानों को किया जायेगा जागरूक

सांकेतिक तस्वीर

दरभंगा में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. किसानों को आधुनिक तकनीक और चीनी मिलों से जोड़ने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगेंगे.

विज्ञापन

Darbhanga News: जिले में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत सभी प्रखंडों और पंचायतों में किसानों के बीच जनजागरूकता अभियान, गन्ना किसान पंजीकरण और चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता अभियान चलाया जाएगा. डीएम कौशल कुमार ने बताया कि चीनी मिल के सफल संचालन के लिए करीब 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ने की खेती आवश्यक होगी. इसी को देखते हुए अधिक से अधिक किसानों को गन्ना खेती और सहकारिता से जोड़ने की पहल की जा रही है.

30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य

डीएम कौशल कुमार ने बताया कि चीनी मिल के सफल संचालन के लिए करीब 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ने की खेती जरूरी है. इसे देखते हुए जिले में गन्ना उत्पादन का दायरा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

अभियान के तहत किसानों को गन्ना खेती के फायदे, आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने के साथ चीनी उद्योग और सहकारिता से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा.

प्रखंड और पंचायत स्तर पर होगी जागरूकता

गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक बैठकें आयोजित की जाएंगी. इन बैठकों में सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय से किसानों के साथ संवाद करेंगे.

अधिकारियों की ओर से किसानों की समस्याओं की जानकारी लेने के साथ उन्हें गन्ना उत्पादन से जुड़ी आवश्यक तकनीकी और सरकारी सुविधाओं के बारे में बताया जाएगा.

पंचायतों में 2 अगस्त तक लगेंगे विशेष शिविर

डीएम ने निर्देश दिया है कि 2 अगस्त तक जिले के सभी प्रखंडों की प्रत्येक पंचायत में विशेष शिविर लगाए जाएं. शिविरों में अधिक से अधिक किसानों का गन्ना किसान पंजीकरण कराया जाएगा.

इसके साथ किसानों को चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.

किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी

विशेष शिविरों के माध्यम से किसानों को गन्ना खेती के लाभ के साथ सरकार की कृषि एवं गन्ना उद्योग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. इससे किसानों को बेहतर उत्पादन तकनीक अपनाने और चीनी उद्योग से जुड़ने में मदद मिलेगी.

प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़कर गन्ना उत्पादन का दायरा बढ़ाना है.

बीडीओ से लेकर बीएओ तक संभालेंगे जिम्मेदारी

अभियान के सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) और प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) को दी गई है.

सभी संबंधित अधिकारियों को पंचायत स्तर पर अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने और किसानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.


विज्ञापन
राज कुमार रंजन

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन