मैट्रिक व इंटर टॉपर्स को डीएम ने पहनाया मेडल

समाहरणालय के मां मुंडेश्वरी सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
= समाहरणालय के मां मुंडेश्वरी सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का हुआ आयोजन डीएम व डीडीसी ने मेधावियों को करियर चयन व लक्ष्य के प्रति सजग रहने की दी सलाह भभुआ नगर. जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. शिक्षा विभाग कैमूर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में इंटरमीडिएट व मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह व उप विकास आयुक्त दिव्य शक्ति द्वारा मेडल व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया. समारोह में जिले के मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इंटरमीडिएट परीक्षा में विभिन्न संकायों के टॉपर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कला संकाय में पूर्वी कुमारी ने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शुभम प्रसाद दूसरे और रोशनी गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे. वाणिज्य संकाय में सपना राय ने 85.60 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं देव श्रीवास्तव और माही केशरी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे. विज्ञान संकाय में सुहाना कुमारी ने 93.80 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि सुहानी सिंह दूसरे और काजल कुमारी व नीमा कुमारी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं. मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में विकास कुमार गुप्ता ने 97.20 प्रतिशत (486 अंक) हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. वहीं, श्वेता कुमारी, सुजाता कुमारी और पल्लवी पांडेय ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया. मोहम्मद गौहर अंसारी 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. इन सभी मेधावी छात्रों को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी. = डीएम व डीडीसी ने छात्रों का बढ़ाया हौसला कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों को जाना और उन्हें आगे भी कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता संभव है. इसके उपरांत उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति ने शिक्षा विभाग के सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित कर उन्हें अपने रुचि के अनुसार करियर चुनने और लक्ष्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, समग्र शिक्षा अभियान कार्यक्रम पदाधिकारी विकास कुमार डीएन, कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना शंभू कुमार सिंह, शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे. छात्रों ने कहा – मिली जीवन को नयी उड़ान इधर जिला पदाधिकारी के हाथों मेडल व सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. मेधावी विद्यार्थियों ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नयी ऊर्जा और आत्मविश्वास का स्रोत बना है. उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि से उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिली है. छात्रों ने कहा कि यह सम्मान उनके जीवन को नयी दिशा देने के साथ-साथ एक नयी उड़ान जैसा है. उन्होंने अपने शिक्षकों और अभिभावकों का आभार जताते हुए भविष्य में और मेहनत कर जिले व राज्य का नाम रोशन करने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




