कैमूर में सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक करवाने के चक्कर में, एक ही गांव के 2 लोगों की गई जान
फोटो.11. अधौरा थाना में पोस्टमार्टम कराने के लिए कागजी कार्रवाई करने पहुंचे परिजन | Prabhat Khabar Network
बिहार के अधौरा में जहरीले सांप के डसने से एक महिला और किशोर की मौत हो गई। झाड़-फूंक के चक्कर में महिला ने जान गंवाई, गांव में पसरा मातम।
Kaimur News : कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के रौता गांव में जहरीले सांप के डसने से एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई. दो अलग-अलग घटनाओं में हुई इन मौतों के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
करैत के डसने के बाद झाड़-फूंक में गंवाई जान
जानकारी के अनुसार, रौता गांव निवासी रामबरन सिंह खरवार की 22 वर्षीय पत्नी चांदनी देवी रविवार रात घर में खाट पर सो रही थीं. इसी दौरान जहरीले करैत सांप ने उन्हें डस लिया. महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने देखा कि बिस्तर पर करैत सांप मौजूद था. इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन उन्हें झाड़-फूंक कराने उत्तर प्रदेश के इमलिया डीह ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. बताया जाता है कि चांदनी देवी की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी.
नदी में स्नान से पहले किशोर को डसा सांप
इसी गांव के इल्ताफ अली के 13 वर्षीय पुत्र अमन अली रविवार को अपने साथियों के साथ बिल्ली घाट नदी में स्नान करने जा रहे थे. नदी में उतरने से पहले ही उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.
दोनों शवों का कराया गया पोस्टमार्टम
महिला और किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए अधौरा थाना लाया गया. प्रभारी थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया.
ग्रामीणों से चिकित्सकीय उपचार लेने की अपील
एक ही गांव में सर्पदंश से दो लोगों की मौत के बाद पूरे रौता गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










