Jehanabad : अक्षय तृतीया पर जमकर हुई सोने चांदी के आभूषणों की खरीदारी

Published by :MINTU KUMAR
Published at :30 Apr 2025 10:51 PM (IST)
विज्ञापन
Jehanabad : अक्षय तृतीया पर जमकर हुई सोने चांदी के आभूषणों की खरीदारी

अक्षय तृतीया के अवसर पर शुभ मुहूर्त में बुधवार को जिले में लोगों ने जमकर खरीदारी की. इस अवसर पर जिलावासियों के द्वारा सोने-चांदी के गहने व बर्तनों की खरीद की गयी.

विज्ञापन

जहानाबाद.

अक्षय तृतीया के अवसर पर शुभ मुहूर्त में बुधवार को जिले में लोगों ने जमकर खरीदारी की. इस अवसर पर जिलावासियों के द्वारा सोने-चांदी के गहने व बर्तनों की खरीद की गयी. एक अनुमान के मुताबिक अक्षय तृतीया के अवसर पर जिले में पांच करोड़ से अधिक की खरीदारी की गयी है. विद्वानों के अनुसार इस अक्षय तृतीया के मौके पर सोने-चांदी की खरीदारी अधिक फलदायी बतायी जाती है. शहर के विभिन्न स्वर्ण व्यवसायियों के यहां सुबह से ही खरीदारों की भीड़ लगी थी. लोग सोने के चेन, रिंग, कान का टॉप, बाली, झुमका सहित अन्य गहनों की खरीदारी कर रहे थे. इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी. कई ऐसे दंपती भी थे जो अपने पुत्र व पुत्री की शादी के गहने खरीद रहे थे. विनोद प्रसाद ने बताया कि उनके बेटे की शादी है. शादी के अवसर पर गहने खरीदने के लिए वह जान-बूझ कर अक्षय तृतीया का इंतजार कर रहे थे ताकि अपने संतान की शादी के लिए वे शुभ मुहूर्त में ही गहनों की खरीदारी कर सकें. कई दंपतियों ने तो पूर्व से ही गहने पसंद कर उनकी बुकिंग कर रखी थी जो अक्षय तृतीया के मौके पर उसे लेने के लिए स्वर्ण व्यवसायी के यहां आए हुए थे. वैसे भी बहुत सारे ऐसे खरीदार भी थे जो धनतेरस की तरह अक्षय तृतीया के मौके पर गहने की खरीदारी करने के लिए आए थे. ऐसे लोगों में प्रियंका देवी रश्मि देवी और पुष्पा देवी ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि अक्षय तृतीया के अवसर पर की गई खरीदारी अक्षय रहता है, इसलिए वह लोग अपनी क्षमता के अनुसार गहने की खरीदारी करने के लिए आये हैं.

एक दशक से जिले में शुरू हुई खरीदारी : अक्षय तृतीया के मौके पर बड़े शहरों में काफी लंबे समय से स्वर्ण आभूषण व अन्य गहनों की खरीद की जाती रही है.

जहानाबाद जिले में इसका चलन कुछ एक दशक पहले से शुरू हुआ है. इसके पहले जिलावासी केवल धनतेरस के मौके पर स्वर्ण आभूषण व गहनों की खरीद करते थे. स्वर्ण व्यवसायी अरुण कुमार ने बताया कि पहले इक्के-दुक्के लोग अक्षय तृतीया के मौके पर खरीदारी करने आते थे, किंतु पिछले एक दशक से ऐसे लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है.

हालांकि अभी भी धनतेरस के मुकाबले गहनों की खरीद आधी से भी कम होती है. उन्होंने बताया कि उनके यहां करीब 60 लोगों ने गहनों की पूर्व बुकिंग कर रखी है जिसकी डिलिवरी के लोग आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस वर्ष सोने का मूल्य अधिक है, इस कारण खरीदार भी सोच समझकर खाने की खरीदारी कर रहे हैं. ज्यादातर ग्राहक हल्के और छोटे गहने पसंद कर रहे हैं. जिनके घरों में शादी है और शादी के उद्देश्य से गहने खरीदने वाले लोग ही भरी और बड़े गहने की खरीदारी कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

MINTU KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन