मंत्री का अंगरक्षक हुआ सस्पेंड
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
मिलीभगत की जतायी जा रही है आशंका एएसपी और एसडीपीओ ने किया निरीक्षण जहानाबाद : जिले के टेहटा ओपी अंतर्गत टेहटा मेला रोड के समीप स्थित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पंप हाउस (पानी टंकी) के कमरे से पीएचइडी मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा के अंगरक्षक जितेंद्र प्रसाद का हथियार चोरी हो जाने का मामला प्रथम […]
विज्ञापन
मिलीभगत की जतायी जा रही है आशंका
एएसपी और एसडीपीओ ने किया निरीक्षण
जहानाबाद : जिले के टेहटा ओपी अंतर्गत टेहटा मेला रोड के समीप स्थित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पंप हाउस (पानी टंकी) के कमरे से पीएचइडी मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा के अंगरक्षक जितेंद्र प्रसाद का हथियार चोरी हो जाने का मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. इस घटना में पंप हाउस में ठहरे मंत्री के सुरक्षा कर्मियों के बीच के ही किसी व्यक्ति की मिली भगत की आशंका जतायी जा रही है. इस गंभीर मामले में एसपी आदित्य कुमार ने मंत्री के अंगरक्षक जितेंद्र पासवान को निलंबित कर दिया है और अन्य पांच सुरक्षा कर्मियों एवं दो चालकों से कारण पृच्छा की है.
एसपी ने बताया कि बैग में रखे कारबाइन, 70 कारतूस, दो मैगजीन की चोरी हो जाने के मामले की अब तक हुए अनुसंधान में शक की सुई पंप हाउस में ठहरे सुरक्षा कर्मियों के इर्द -गिर्द घूम रही है. उन्होंने यह भी बताया है कि सुरक्षा कर्मी जितेंद्र पासवान के हथियार की चोरी हुई है. लापरवाही बरतने के आरोप में उसे निलंबित किया गया है एवं अन्य सात लोगों से पूछताछ की जा रही है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन लोगों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
बता दें कि शनिवार की रात मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा टेहटा में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद समीप ही अपने पैतृक घर सुगांव चले गये थे. उनके साथ छह सुरक्षाकर्मी अंगरक्षक जितेंद्र पासवान, हवलदार शिवचंद्र राम, आरक्षी धनेश कुमार, अजय कुमार, रामप्रवेश कुमार, नन्हेश्वर प्रसाद एवं चालक उमेश ठाकुर और शिव कुमार थे
जो टेहटा स्थित पीएचइडी के पंप हाउस के कमरे में ठहरे थे. रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद सभी सो गये थे और उसी रात जितेंद्र पासवान के बैग में रखे हथियार की चोरी हो गयी थी. अंगरक्षक जितेंद्र पासवान ने अनुमान लगाया है कि टंकी के बाहर से पहले तल के चौताल पर लगे शटर का नट-वोल्ट खोलकर चोर भीतर घुसा और हथियार रखा बैग लेकर भाग निकला. लेकिन यह बात पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को रास नहीं आ रही है.
एसपी ने साफ कहा है कि ऐसा संभव नहीं है. साजिश के तहत हथियार चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. एसपी के अलावा एएसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. अब तक किये गये अनुसंधान में यह मामला उभरा है कि घटना सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही और मिली भगत का परिणाम है.
क्यों नहीं लगायी गयी संतरी ड्यूटी
एसपी ने बताया कि चार से ज्यादा गार्ड रहने पर संतरी डयूटी लगायी जाती है लेकिन पंप हाउस में ठहरे सुरक्षा कर्मियों ने ऐसा नहीं किया. उन्होंने सुरक्षा के मानक का तनिक भी ख्याल नहीं रखा. हथियारों को कमरे में राम भरोसे छोड़ दिया गया. सभी पुलिसकर्मी चैन की नींद सोते रहे. एसपी ने इस मामले की एफएसएल की टीम से जांच कराने का आदेश दिया है. पटना से फोरेन्सिक जांच टीम बुलायी गयी है. उन्होंने बताया कि इस मामले की गहराई से जांच हो रही है. शीघ्र ही चोरी गये हथियार की बरामदगी कर ली जायेगी. जांचोपरांत किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










