दरधा नदी का जल स्तर बढ़ा, जहानाबाद के दो पुलों को जिला प्रशासन ने किया बंद
दरधा नदी का जल स्तर बढ़ा, बढ़ी लोगों की परेशानी जहानाबाद : दरधा तथा यमुनइया नदियों का जल स्तर बढ़ने से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है. इसके कारण जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दरधा नदी पर बने पुल तथा संगमघाट पुल को बंद करा दिया है. पुल की दोनों […]
दरधा नदी का जल स्तर बढ़ा, बढ़ी लोगों की परेशानी
जहानाबाद : दरधा तथा यमुनइया नदियों का जल स्तर बढ़ने से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है. इसके कारण जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दरधा नदी पर बने पुल तथा संगमघाट पुल को बंद करा दिया है. पुल की दोनों तरफ बैरियर लगा दिया गया है. दोनों पुल की ऊंचाई तक नदी का पानी पहुंच गया है. पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका बढ़ गयी है.
वहीं, शहर के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. शहरी क्षेत्र के देवरिया मुहल्ले में सड़कों पर कई फुट पानी बह रहा है. वहीं, शहर के जाफरगंज, आंबेडकर नगर, श्याम नगर, बारा आदि मुहल्लों के कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है. प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह ने आज मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में आयी बाढ़ का जायजा लिया है. उन्होंने राहत कार्य तेज करने का निर्देश भी दिया.
नवगछिया में महामारी की आशंका, डीएम ने भेजा त्राहिमाम संदेश
भागलपुर : नवगछिया में बाढ़ का पानी घटने के बाद महामारी की आशंका बढ़ गयी है. इसको देखते हुए डीएम आदेश तितरमारे ने मुख्यालय को त्राहिमाम संदेश भेज कर पानी निकालने के लिए जरूरी संसाधन व विशेषज्ञों की टीम भेजने की गुहार लगायी है. एसपी, एसडीओ, कोर्ट, जेल, एसडीपीओ के आवास और कार्यालय परिसर में पानी भरा हुआ है. नवगछिया कोर्ट भागलपुर में चल रहा है. निचले इलाकों से पानी नहीं निकला है, जिससे दुर्गंध आने लगी है. शुक्रवार को डीएम आदेश तितरमारे ने इस समस्या को देखते हुए जल संसाधन विभाग व पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को त्राहिमाम संदेश भेजा है.
यहां पांच प्रखंडों में बाढ़ का पानी भरा ह़ै
गया : पिछले चार दिनों की बारिश से गया शहर के अधिकतर मुहल्लों में जलजमाव से उत्पन्न हुई भयावह स्थिति व चट्टान खिसकने के मामले की जांच करने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड) पारसनाथ राय गया पहुंचे. उन्होंने स्थानीय अधिकारियों के साथ जलजमाव वाली कॉलोनियों का दौरा कर शाहमीर तक्या-दुर्गा स्थान के पास पहाड़ की ओर खिसकी चट्टान का भी जायजा लिया. उन्होंने सेना के सहयोग चट्टान हटाने की बात कही.
इधर, रांची के आर्मी इंजीनियरिंग सेक्शन के वरीय अधिकारियों की टीम भी गया पहुंची और पहाड़ के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. मौके पर मौजूद डीजी ने डीआइजी सौरभ कुमार, डीएम कुमार रवि व एसएसपी गरिमा मलिक के साथ-साथ पहाड़ों को विस्फोट कर उड़ाने में विशेषज्ञ रांची की एजेंसी हीरालाल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय सिंह ने आर्मी के अधिकारियों के साथ कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










