दिग्विजय सिंह समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल में ठप पड़ा एक्स रे सेवा, मरीजों को हो रही परेशानी

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 07 Jun 2026 6:42 PM

विज्ञापन

Jamui Nwes:गिद्धौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण एक्स-रे सेवा ठप है, जिससे मरीजों को जांच और इलाज में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

विज्ञापन

दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सेवा ठप, मरीज परेशान

गिद्धौर:

दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बुनियादी जांच सेवाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है. अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित रहने और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण एक्स-रे सेवा अक्सर ठप हो जाती है. इससे सड़क दुर्घटना समेत अन्य गंभीर मामलों में इलाज कराने आने वाले मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

सड़क दुर्घटना में घायल मरीज का नहीं हो सका एक्स-रे

ताजा मामला रविवार का है. सड़क दुर्घटना में घायल रतनपुर के बानाडीह गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक उमेश यादव को एक्स-रे जांच की आवश्यकता थी. परिजनों का आरोप है कि बिजली उपलब्ध रहने के बावजूद कम वोल्टेज का हवाला देकर उनका एक्स-रे नहीं किया गया. इससे उन्हें इलाज के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

जेनरेटर होने के बावजूद नहीं मिल रहा लाभ

जानकारी के अनुसार अस्पताल में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति की समस्या बनी हुई है. अस्पताल परिसर में जेनरेटर की व्यवस्था है, लेकिन उसकी क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण एक्स-रे मशीन का संचालन नहीं हो पाता. परिणामस्वरूप बिजली कटते ही मरीजों को जांच सुविधा से वंचित होना पड़ता है.

निजी जांच केंद्रों का लेना पड़ रहा सहारा

भीषण गर्मी के इस मौसम में बुखार, जोड़ों के दर्द, दुर्घटना और अन्य बीमारियों से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं. मरीजों का कहना है कि अस्पताल में आधुनिक जांच मशीनें तो स्थापित हैं, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से उनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है. बिजली बाधित होने पर मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना उनकी मजबूरी बन जाती है.

निर्बाध बिजली आपूर्ति की उठी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र पहल कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.

क्या कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी

इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नरोत्तम सिंह ने बताया कि कम वोल्टेज के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है. उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इसका निराकरण कर लिया जाएगा.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन