बिहार बंद के दौरान बीडीओ पर हमले के विरोध में गिद्धौर बीडीओ ने काला बिल्ला लगाकर किया कार्य, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

फोटो- काला बिल्ला लगाकर कामकाज करते बीडीओ ई. सुनील कुमार | Prabhat Khabar Network
गिद्धौर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बिहार बंद के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों पर हुए हमले के विरोध में काला बिल्ला लगाकर विभागीय कार्य किया. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए जनसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घायल अधिकारियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड में सोमवार को बिहार बंद के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों पर हुए हमले के विरोध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ई. सुनील कुमार ने काला बिल्ला लगाकर अपने नियमित विभागीय कार्यों का निष्पादन किया. उन्होंने घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की.
जनसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
बीडीओ ई. सुनील कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन सरकारी पदाधिकारियों पर हमला और हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है.
घायल अधिकारियों के बेहतर इलाज की अपील
उन्होंने राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि रिविलगंज बीडीओ रितेश कुमार और छपरा सदर बीडीओ दृष्टि पाठक के परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा दोनों अधिकारियों के बेहतर इलाज में हरसंभव सहयोग दिया जाए. उन्होंने बताया कि रितेश कुमार की मेदांता अस्पताल में ब्रेन सर्जरी हुई है और वे फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं. वहीं दृष्टि पाठक का इलाज आईजीआईएमएस में चल रहा है, जहां उनकी एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त बताई गयी है.
दोषियों की गिरफ्तारी तक विरोध जारी रखने की बात
गिद्धौर बीडीओ ने कहा कि जब तक हमले के दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित अधिकारियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक इस घटना के विरोध में आवाज उठाई जाती रहेगी. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कुमार सौरभ
कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










