ePaper

बरात जा रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर ने रौंदा, दूल्हे के भाई समेत तीन युवकों की मौत

Updated at : 20 Apr 2024 10:20 PM (IST)
विज्ञापन
बरात जा रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर ने रौंदा, दूल्हे के भाई समेत तीन युवकों की मौत

आक्रोशित लोगों ने घंटों किया जाम, पुलिस कर रही है मामले की जांच

विज्ञापन

जमुई. जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग के डूण्डो मोड़ के समीप बरात जा रहे बाइक सवार तीन युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया. इस दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गयी. इसमें दूल्हे का छोटा भाई भी है. मृतकों में दूल्हे का भाई सदर थाना क्षेत्र के आमीन गांव निवासी सुरेश चौधरी के दस वर्षीय पुत्र नीरज कुमार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के जलय गांव निवासी उमेश चौधरी के पुत्र सुरेंद्र चौधरी तथा बेगूसराय जिले के आगापुर गांव निवासी रूपेश चौधरी है. बताया जाता है कि मृतक जलय गांव निवासी सुरेंद्र चौधरी दूल्हे का फुफेरा भाई है. जबकि रूपेश चौधरी दूल्हे के बहनोई का भाई है. बताया जाता है कि आमीन गांव निवासी सुरेश चौधरी के पुत्र सूरज कुमार की शादी सदर थाना क्षेत्र के हरला गांव में तय हुई थी. बीते शुक्रवार को शादी होनी थी. बरात देर शाम आमीन गांव से हरला के लिए निकली था. दूल्हे का छोटा भाई नीरज कुमार, फुफेरा भाई सुरेंद्र चौधरी व बहनोई का भाई रूपेश चौधरी बाइक पर सवार होकर हरला जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वे डूण्डो मोड़ के समीप पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया. इस दुर्घटना में नीरज कुमार और सुरेंद्र चौधरी की मौत मौके पर ही हो गयी. जबकि रूपेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही रूपेश की मौत हो गयी. हालांकि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा उक्त ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया.

आक्रोशित लोगों ने किया रोड जाम

सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन से ट्रैक्टर मालिक और चालक पर कार्रवाई करने व मुआवजे की मांग की. घंटों जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर बड़े-छोटे वाहनों का जमावड़ा लग गया. घटना की जानकारी मिलते ही सदर थानाध्यक्ष अरुण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

शोक में बदला शादी का उत्साह

सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत के बाद शादी का उत्साह मातम में बदल गया. परिजन की चीख और चीत्कार सदर अस्पताल में गूंज रहा था. हर किसी की आंखें इस दुर्घटना से नम हो गयीं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही लड़की पक्ष के लोग भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजन को ढांढ़स बंधाया. बताते चलें कि इस दुर्घटना से लड़की पक्ष के घर में भी शोक का माहौल है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गयी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. उक्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया. ट्रैक्टर के कागजात के आधार पर ट्रैक्टर मालिक पर मामला दर्ज कर, मामले की छानबीन करने की बात कही.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन