महिला ने झूठे मुकदमे में फंसाने का लगाया आरोप, एसपी से लगायी गुहार

पेंधी गांव निवासी पंचा देवी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर बरहट थाना कांड संख्या-43/2026 की निष्पक्ष जांच कराने और कथित झूठे मुकदमे से न्याय दिलाने की मांग की है
जमुई. जिले के बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंधी गांव निवासी पंचा देवी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर बरहट थाना कांड संख्या-43/2026 की निष्पक्ष जांच कराने और कथित झूठे मुकदमे से न्याय दिलाने की मांग की है. दिए गए आवेदन में पंचा देवी ने आरोप लगाया है कि मेरे परिवार को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है, जबकि वास्तविक आरोपितों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. आवेदन के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित रूप से शराब के नशे में उनके घर के पास पहुंचकर उनकी पुत्री के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया. घटना की सूचना उनके पुत्र द्वारा बरहट थाना को दी गई थी. इसी दौरान एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की बात कही गई है. महिला का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गयी और आवेदन देने की बात कहकर वापस लौट गयी. इसके बाद 4 अप्रैल की रात संबंधित युवक तथा 5 अप्रैल को स्वयं पंचा देवी ने थाने में लिखित आवेदन दिया . बावजूद इसके, महिला का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय दूसरे पक्ष के पुराने आवेदन के आधार पर 6 अप्रैल 2026 को उनके पूरे परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. पंचा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष द्वारा पूर्व में भी कई बार गाली-गलौज और धमकी दी गई, लेकिन हर बार पुलिस ने अनदेखी की. साथ ही थानाध्यक्ष पर दुर्भावना से ग्रसित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की एक घटना के कारण उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है. महिला ने दावा किया है कि घटना के समय उनका पूरा परिवार घर पर मौजूद था, जिसका प्रमाण घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में उपलब्ध है. उन्होंने एसपी से मांग की है कि उनके आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उनके परिवार का नाम झूठे मुकदमे से हटाया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




