कुएं में उपलाता मिला वृद्ध महिला का शव, पति ने जतायी हत्या की आशंका
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 20 Mar 2026 9:33 PM
थाना क्षेत्र के लेटवा गांव में शुक्रवार को गांव के दक्षिण बहियार स्थित एक पथकुआं (पटवन के लिए बने गड्ढे) में 60 वर्षीय महिला का शव उपलाता हुआ मिला.
सिमुलतला. थाना क्षेत्र के लेटवा गांव में शुक्रवार को गांव के दक्षिण बहियार स्थित एक पथकुआं (पटवन के लिए बने गड्ढे) में 60 वर्षीय महिला का शव उपलाता हुआ मिला. मृतका की पहचान गांव निवासी मोहन यादव की पत्नी जिरिया देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सिमुलतला थाने के अवर निरीक्षक सीताराम यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फारेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया. टीम की निगरानी में शव को कुएं से बाहर निकाला गया. परिजनों के अनुसार, जिरिया देवी बीते बुधवार की शाम करीब छह बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वह नहीं लौटीं. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका. शुक्रवार की सुबह मृतका के दामाद ने सबसे पहले कुएं में शव को उपलाता हुआ देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. मृतका के पति मोहन यादव ने घटना को हत्या बताते हुए साजिश की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि गुरुवार को कई ग्रामीण उसी कुएं पर नहाने गये थे, लेकिन उस समय वहां कोई शव नहीं था. उन्होंने बताया उसकी पत्नी की कहीं और हत्या करके साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को शुक्रवार तड़के कुएं में फेंका गया है. शव पर आंख व कान के पास चोट के निशान भी पाये गये हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस दुर्घटना और हत्या दोनों ही एंगल से मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










