झाझा से लेकर जमुई तक पसरा सन्नाटा, जिला मुख्यालय में बंद रहीं दुकानें

Published at :17 Feb 2025 8:53 PM (IST)
विज्ञापन
झाझा से लेकर जमुई तक पसरा सन्नाटा, जिला मुख्यालय में बंद रहीं दुकानें

जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र के बलियाडीह में कुछ उपद्रवियों द्वारा हिंसक झड़प के बाद सोमवार को जिला मुख्यालय में भी इसका असर देखने को मिला.

विज्ञापन

जमुई. जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र के बलियाडीह में कुछ उपद्रवियों द्वारा हिंसक झड़प के बाद सोमवार को जिला मुख्यालय में भी इसका असर देखने को मिला. झाझा में हुई झड़प के बाद जिला मुख्यालय में सभी दुकानें बंद रहीं. सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव पसरा हुआ है, पर स्थिति नियंत्रण में है. गौरतलब है कि जमुई जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र के बलियाडीह गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव और मारपीट की घटना को अंजाम दिया था. इसके बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल देखने को मिला. घटना के विरोध में चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सोमवार को जिला मुख्यालय की सभी दुकानों को बंद रखा. इस कारण सोमवार पूरे दिन जमुई जिला मुख्यालय में सन्नाटा पसरा रहा. दुकानें बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा. जिले के विभिन्न हिस्सों से मुख्यालय आनेवाले लोगों को वापस लौटना पड़ा. इसका असर दैनिक कामकाज तथा सरकारी कामकाज पर भी देखने को मिला. घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

जिले में इंटरनेट सेवा पर लगायी गयी रोक

झाझा में झड़प के बाद स्थिति पर नियंत्रण बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने जिले भर में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है. डीएम अभिलाषा शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह नहीं फैले तथा इस पर नियंत्रण बनाने को लेकर यह निर्णय लिया गया है. फिलहाल पूरे जिले की इंटरनेट सेवाओं को बंद करने के बाद लोग इससे लेकर परेशान दिखे. इंटरनेट बंद होने से कई प्रकार के कामकाज पूर्ण रूप से ठप हो गये. डीएम ने कहा कि वैसे सभी असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है, जो सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं या किसी प्रकार का भड़काऊ पोस्ट कर रहे हैं. ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है.

जमुई शहर में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

इधर तनाव को लेकर डीएम-एसपी के नेतृत्व में जिला पुलिस व जिला प्रशासन ने जमुई शहर में फ्लैग मार्च किया. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा पूरे इलाके में विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संवेदनशीलता बरती जा रही है. इसे लेकर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. घटना को लेकर मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक भी रविवार की देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही जितने भी संवेदनशील जगह हैं, सभी इलाकों में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. डीएम ने कहा कि जमुई नगर परिषद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गयी है. किसी भी तरह की स्थिति से निबटने के लिए पूरी तैयारी की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन