जमीन विवाद में पूरब टोला बना रणक्षेत्र, सात घायल व तीन वाहन तोड़े<bha>;</bha> सीसीटीवी में कैद हुई झड़प
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 24 Mar 2026 7:03 PM
शहर के थाना चौक स्थित पूरब टोला में बीते सोमवार की देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लाठी-डंडे और पथराव हुआ
जमुई. शहर के थाना चौक स्थित पूरब टोला में बीते सोमवार की देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लाठी-डंडे और पथराव हुआ, इसमें सात लोग घायल हो गये, जबकि तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है, जिसे पुलिस अहम साक्ष्य मानकर जांच कर रही है. घटना में एक पक्ष से घायलों में मो आलम, सलमा खातून, आसमा खातून और मो आबिद, जबकि दूसरे पक्ष से मो शकील, मो जमील और मो अरबाज शामिल हैं. स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गयी. दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. इस दौरान एक ऑटो, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को भी निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया. एक पक्ष से घायल सलमा खातून ने बताया कि करीब साढ़े चार डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. उनका आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर विरोध करने पर उनके घर पर हमला किया गया. वहीं दूसरे पक्ष के सोनू ने कहा कि मूल विवाद दो लोगों के बीच है, लेकिन रिश्तेदारी के कारण अन्य लोगों को भी इसमें घसीट लिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. टाउन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इस संबंध में टाउन थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










