राजकीय पॉलिटेक्निक में स्टार्टअप पिच डेक कार्यशाला, छात्रों को उद्यमिता और निवेशकों के समक्ष प्रस्तुति के गुर सिखाए गए

मौके पर उपस्थित छात्र- छात्रा व अन्य | Prabhat Khabar Network
राजकीय पॉलिटेक्निक जमुई में आयोजित स्टार्टअप पिच डेक प्रिपरेशन कार्यशाला ने छात्रों को उद्यमिता और निवेशकों के समक्ष अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के गुर सिखाए. इस वर्कशॉप का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना था.
Startup Workshop: राजकीय पॉलिटेक्निक जमुई के सभागार में सोमवार को स्टार्टअप पिच डेक प्रिपरेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य डॉ. विवेकानंद पाठक ने की. कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार और निवेशकों के समक्ष अपने व्यावसायिक विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला से परिचित कराना था.
रोजगार सृजक बनने के लिए किया प्रेरित
प्राचार्य डॉ. विवेकानंद पाठक ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ उद्यमिता का समन्वय समय की आवश्यकता है. उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार खोजने के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने वाला उद्यमी बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि स्टार्टअप संस्कृति आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है.
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
जिला उद्योग केंद्र, जमुई के महाप्रबंधक शुभम कुमार ने विद्यार्थियों को नवाचारी सोच विकसित करने और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्टार्टअप योजनाओं, वित्तीय सहायता, प्रोत्साहन और उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी.
पिच डेक और बिजनेस मॉडल पर मिला प्रशिक्षण
कार्यशाला में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई के स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. सोनू कुमार, स्टार्टअप डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मिथुन कुमार सिंह तथा राजकीय पॉलिटेक्निक जमुई के स्टार्टअप सेल के सदस्य सचिव विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप की अवधारणा, बिजनेस मॉडल, आइडिया वैलिडेशन और सफल उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया. उन्होंने प्रभावी पिच डेक तैयार करने और निवेशकों के समक्ष स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत करने की आधुनिक तकनीकों पर भी विस्तार से चर्चा की.
छात्रों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
Startup Workshop: कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से सवाल पूछे और अपने व्यावसायिक विचार साझा किए. आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज कुमार सिंह
पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










