भागलपुर में श्रावणी मेला की तैयारियां तेज, घाटों से लेकर शिवालयों तक सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का फोकस

भागलपुर में श्रावणी मेला की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। जिला प्रशासन ने गंगा घाटों, प्रमुख मंदिरों और कांवरिया मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
Shravani Mela: श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पांच जुलाई को गंगा घाटों, प्रमुख मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है. श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
निरीक्षण के बाद अधिकारियों को मिले निर्देश
जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों, कांवरिया मार्ग और प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.
एसटीपी निर्माण पूरा कर होगा समतलीकरण
गंगा किनारे बुडको की ओर से निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का कार्य श्रावणी मेला शुरू होने से पहले पूरा करने और आसपास के क्षेत्र का समतलीकरण कराने का निर्देश दिया गया है. इसकी जिम्मेदारी सदर एसडीओ और बुडको के परियोजना निदेशक को दी गई है.
घाटों तक जाने वाले मार्ग होंगे अतिक्रमण मुक्त
बरारी सीढ़ी घाट और पुल घाट तक जाने वाले मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि घाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश न हो. इसकी जिम्मेदारी सदर एसडीओ, डीएसपी सिटी-1, डीएसपी सिटी-2, यातायात पुलिस और उप नगर आयुक्त को सौंपी गई है.
दुकानों, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की होगी व्यवस्था
घाटों तक जाने वाले मार्गों और घाट किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों की व्यवस्थित बंदोबस्ती कर उन्हें निर्धारित स्थान पर लगाने का निर्देश दिया गया है. श्रद्धालुओं और कांवरियों के वाहनों के लिए घाटों से कुछ दूरी पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे. इन स्थानों पर शौचालय, पेयजल और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जायेंगी.
कांवरिया पथ पर मजबूत बैरिकेडिंग
Shravani Mela: गंगा से जल भरकर देवघर और दुमका जाने वाले कांवरियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी. प्रशासन ने सदर एसडीओ और उप नगर आयुक्त को समय पर बैरिकेडिंग कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है.
बूढ़ानाथ और भूतनाथ मंदिर में अलग प्रवेश-निकास मार्ग
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बूढ़ानाथ और भूतनाथ मंदिर में प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए जाएंगे. इसके अलावा एसएम कॉलेज सीढ़ी घाट पर बैरिकेडिंग, मंदिर परिसर के पास पार्किंग, पीली लाइन का पालन और वेंडरों के लिए निर्धारित नियम लागू कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गये हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ब्रजेश नंदन माधुर्य
ब्रजेश नंदन माधुर्य प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. स्वच्छता व ई-कॉमर्स में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










