दुर्गा पूजा मेला परिसर में तैनात रहेंगे पुलिस बल

शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा के अवसर पर गिद्धौर में लगने वाले मेला को लेकर गिद्धौर थाना परिसर में थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई.
गिद्धौर . शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा के अवसर पर गिद्धौर में लगने वाले मेला को लेकर गिद्धौर थाना परिसर में थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी. मेला परिसर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेंगे. सुरक्षा के दृष्टिकोण से चिह्नित स्थलों पर वाच टॉवर और सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. थानाध्यक्ष ने कहा कि मेला की गरिमा में खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. असामाजिक तत्वों द्वारा यदि कोई अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की गयी तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
वाहनों पर नियंत्रण, वैकल्पिक व्यवस्था पर सहमति
बैठक में मेला क्षेत्र में भीड़ को लेकर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने, मुख्य बाजार से यात्री वाहनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने, और दुर्गा मंदिर के समीप निचले कोजवे पुल पर वाहनों का प्रवेश वर्जित करने का निर्णय लिया गया. गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर राज श्री इंडेन गैस के पास, कलाली घाट के निकट, गिद्धौर थाना परिसर के समीप और दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास मेला क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जायेगी.
27 व 28 सितंबर को होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
बीडीओ सुनील कुमार, सीओ आरती भूषण ने जानकारी दी कि 27 एवं 28 सितंबर को गिद्धौर में सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होगा. इस दौरान मेला को आकर्षक बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, लेकिन खेल तमाशा स्थलों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा. अधिकारियों ने पूजा समिति से कहा कि मेला संचालन में सहयोग देने वाले सभी वॉलेंटियर्स की सूची आधार कार्ड, फोटो एवं संपर्क नंबर के साथ प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए. इससे आपात स्थिति में संपर्क कर त्वरित कार्रवाई की जा सके.
संपर्क के लिए जारी किया गया नंबर
प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समिति को मेला संचालन के दौरान संपर्क के लिए दो आधिकारिक नंबर – 9031071512 और 9031828110 – जारी किए हैं. बैठक में पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव कुमार पिंकू, सदस्य सुबोध कुमार केशरी, राजीव कुमार वर्णवाल, संजय रावत, अजित कुमार रावत, प्रभाकर कुमार चिंटू, मथुरा मिस्त्री, चंदन कुमार चीकू, संतोष कुमार सिंह, मो शाहिद, मो इस्राफील, मो असगर, अजित कुमार ठाकुर, नीतीश कुमार मेहता, रौशन कुमार सहित कई लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




