जमुई में सूर्यघर बिजली योजना से रोशन होंगे घर, 14 जून से शुरू होगा महाअभियान
Published by : Shruti Kumari Updated At : 10 Jun 2026 11:32 AM
सूर्यघर बिजली योजना की समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल अधिकारी
PM Surya Ghar Yojana Jamui: राज्य सरकार ने 2.5 लाख घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इस महाअभियान का शुभारंभ 14 जून को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा.
PM Surya Ghar Yojana Jamui: सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार एक नया अध्याय लिखने की तैयारी में है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सूर्यघर बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार भी बैठक में शामिल हुए और जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी.
बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य सरकार ने 2.5 लाख घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इस महाअभियान का शुभारंभ 14 जून को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह योजना बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
गरीब परिवारों को मिलेगी बिजली बिल से राहत
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि सूर्यघर बिजली योजना आम लोगों, विशेषकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी. योजना के माध्यम से घरों में सौर ऊर्जा आधारित बिजली उपलब्ध होगी, जिससे बिजली बिल का बोझ कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन में संवेदकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
जमुई में योजना की सफलता की बेहतर संभावनाएं
बैठक के बाद जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिलेवासियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जमुई में वर्षभर पर्याप्त धूप उपलब्ध रहती है, जो सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए अनुकूल परिस्थिति प्रदान करती है.उन्होंने कहा कि जिले के लोग सौर ऊर्जा को अपनाकर न केवल अपने बिजली खर्च को कम कर सकते हैं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर
जिलाधिकारी ने संवेदकों से पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सोलर पैनल स्थापना कार्य पूरा करने का आह्वान किया. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, संवेदकों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से जमुई सूर्यघर बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन में राज्य के लिए एक उदाहरण बनेगा.उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और आर्थिक बचत के क्षेत्र में एक नई क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










