उलाय नदी में डूबने से नौ वर्षीय बालक की मौत, अवैध ढंग से उत्खनन पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

प्रखंड क्षेत्र की हथिया पंचायत स्थित पांडेयडीह गांव के समीप उलाय नदी घाट पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. बालू उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने से नौ वर्षीय बालक की मौत हो गयी.
झाझा. प्रखंड क्षेत्र की हथिया पंचायत स्थित पांडेयडीह गांव के समीप उलाय नदी घाट पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. बालू उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने से नौ वर्षीय बालक की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार, पांडेयडीह गांव के करीब आधा दर्जन बच्चे दोपहर में उलाय नदी में स्नान करने गये थे. इसी दौरान सुभाष पंडित का नाती आर्यन राज गहरे पानी में चला गया और डूब गया. काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं निकला तो साथ के बच्चे घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक को खोजने का प्रयास करने लगे. ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को भी दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से बालक को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने आरोप लगाया कि बालू संवेदकों द्वारा अवैध ढंग से उत्खनन करने के कारण नदी में खतरनाक गड्ढे बन गये हैं, जो इस हादसे की मुख्य वजह है. पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. बताया जाता है कि मृतक आर्यन राज सिमुलतला थाना क्षेत्र के पिंटू पंडित का पुत्र था और वह अपनी मां के साथ पांडेयडीह में नाना सुभाष पंडित के घर रह रहा था. घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से एक बालक की मौत हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




