ePaper

एनडीए कैंडिडेट की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं ने झोंकी ताकत

Updated at : 23 Sep 2025 9:34 PM (IST)
विज्ञापन
एनडीए कैंडिडेट की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं ने झोंकी ताकत

रेलवे स्टेशन क्लब के बाहरी परिसर में मंगलवार को एनडीए गठबंधन कार्यकर्ताओं का झाझा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन झाझा भाजपा नगर शुष्मा देवी की अध्यक्षता में हुआ.

विज्ञापन

झाझा . रेलवे स्टेशन क्लब के बाहरी परिसर में मंगलवार को एनडीए गठबंधन कार्यकर्ताओं का झाझा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन झाझा भाजपा नगर शुष्मा देवी की अध्यक्षता में हुआ. कार्यक्रम में अतिथियों को स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र फूलमाला व बुके देकर स्वागत किया. कार्यक्रम में झाझा विधानसभा अंतर्गत झाझा, गिद्धौर, लक्ष्मीपुर, सिमुलतला के राजग के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता के अलावा कई दलों के शीर्ष नेता भी शामिल हुए. सम्मेलन में सभी घटक दलों ने एक स्वर से एकजुटता दिखाते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ ताकत झोंकने की बात कही. सभी कार्यकर्ताओं ने आने वाले विधानसभा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने,बूथ स्तर पर काम करने एवं स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री दामोदर रावत का सहयोग करने की बात कही. कार्यक्रम में मौजूद पूर्व राज्यसभा सांसद भागलपुर निवासी कहकंशा परवीन उपस्थित कार्यकर्ताओं को दुर्गापूजा, दीपावली व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं यहां आपसे कपड़े व मिठाई मांगने नहीं आयी हूं. उन्होंने अपनी आंचल फैलाते हुए दामोदर रावत के पक्ष में वोट देने की मांग की. उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी व राज्य में नीतीश कुमार की सरकार लगातार देश व राज्य में विकास कार्य कर रहे हैं. उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं व कौम को आह्वान करते हुए कहा कि कब तक लालटेन से चिपके रहेंगे. वहां से निकलें और राजग गठबंधन को मजबूत करें. कार्यक्रम में मौजूद जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज नारी सशक्तिकरण पूरे राज्य में है. नीतीश कुमार की सरकार 38 लाख निजी नौकरी जबकि साढ़े 11 लाख सरकारी नौकरी दी हैं, जो एक रिकॉर्ड है. उन्होंने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार ने घोषणा की थी कि जिला मुख्यालय में महिला डिग्री कॉलेज होगा. इस दौरान जमुई विधानसभा में कई नेता आये, लेकिन वह काम पूरा नहीं हुआ. लेकिन मैं जमुई में महिला कॉलेज खुलवाया. यह नीतीश कुमार की देन है. उन्होंने कहा कि आज नीतीश सरकार में 35 प्रतिशत महिलाएं विभिन्न पदों पर नियोजित होकर कार्य कर रही है. यह जमुई जिला ही नहीं पूरे सूबे के लिए एक अच्छी पहल है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भले ही मैं जमुई विधानसभा की विधायक हूं, लेकिन मैं लगातार पूरे जमुई जिला समेत बिहार की विकास की बात करती हूं. कार्यक्रम में मौजूद तारापुर विधान सभा सदस्य राजेश कुमार कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार उत्तरोत्तर विकास कर रही है. उन्होंने बिहार से जंगल राज खत्म किया है. आज प्रत्येक जगह पर सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, शौचालय की व्यवस्था है. इसे बनाए रखने के लिए हमसबों को एक बार फिर से नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करना होगा. इसके लिए हमें दामोदर रावत का बढ़-चढ़कर सहयोग करना होगा. सिकंदरा भाजपा विधायक प्रफुल्ल मांझी ने कहा कि राजद के लोग आयेंगे. आपको बहकायेंगे, लेकिन बहकना नहीं. दामोदर रावत को भारी बहुमत से जिताएं. भाजपा विधान परिषद सदस्य लालमोहन गुप्ता ने कहा कि बीच में प्रशांत किशोर की पार्टी आयी है, जो एक व्यापारिक पार्टी है. पहले वह व्यापार किया करते थे. आज भी वह व्यापार कर रहे हैं. ऐसे लोगों से सावधान रहना है और आने वाले दिनों में एनडीए को मजबूत करते हुए दामोदर रावत को सहयोग करना है. कार्यक्रम को लोजपा (आर) के प्रदेश महासचिव संजय मंडल, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ हिमांशु पटेल, प्रदेश अध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ राजीव रंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, हम जिलाध्यक्ष दामोदर मांझी, रालोमा जिलाध्यक्ष अरुण मंडल, कार्यक्रम प्रभारी जदयू धर्मेंद्र चंद्रवंशी, जिला संगठन प्रभारी जदयू संतोष साहनी, विधानसभा प्रभारी जदयू ललन कुशवाहा ने भी संबोधित कर नीतीश के हाथों को मजबूत करते हुए दामोदर रावत को सहयोग करने की बात कहा है. मौके पर राजेंद्र राव, पूर्व जिलाध्यक्ष इं शंभूशरण, पूर्व जिला परिषद सदस्य ब्रह्मदेव रावत, जदयू नेता शैलेंद्र रावत, जदयू नगर अध्यक्ष बबलू सिन्हा, अरविंद पासवान ,भाजपा नेता परमेश्वर यादव, रणधीर पासवान, लोजपा नेता परमेश्वर यादव समेत बड़ी संख्या में सभी घटक दल के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं मौजूद थे.

अनवरत करता रहा हूं झाझा विधानसभा के लोगों की सेवा : दामोदर

झाझा. झाझा विधानसभा के लोगों की सेवा लगातार करता रहा हूं. फिर से इस बार चुनाव होने वाला है. इस कारण कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है. जिसमें आपलोगों की सहभागिता अपेक्षित है. उक्त बातें पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक दामोदर रावत ने मंगलवार को झाझा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि आज पूरे झाझा विधानसभा क्षेत्र में सड़क की जाल बिछायी गयी है. इसके अलावा शैक्षणिक माहौल में सुधार हुआ है. 24 घंटे बिजली रहती है. हर एक जगह पर स्वस्थ सेवाएं उपलब्ध करायी गयी है. यह नीतीश कुमार के छत्रछाया में हमें यह कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि अभी और भी काम करना है. लेकिन इस पांच सालों में हमने जो काम किया है, उसकी मजदूरी को लेकर हमने कार्यकर्ता सम्मेलन किया है. उन्होंने कहा कि झाझा विधानसभा के जो लोग आते हैं मैं प्रयास करता हूं कि उनका काम हो. हमने आज तक बरगलाने का काम नहीं किया है. जमीन पर रहकर जमीनी कार्य को मजबूती के साथ किया है. यही कारण है कि आज पूरे क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, शौचालय, बिजली, पेयजल आदि की सुविधा उपलब्ध है. प्रत्येक पंचायत में जहां प्लस टू स्तर की विद्यालय खोली जा रही है, वहीं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार हम मजबूती के साथ जनता के साथ खड़े हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन