व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलिंडर का हो रहा थ उपयोग, एसडीओ ने किया जब्त
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 20 Mar 2026 9:30 PM
जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत पर दूर करने को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है.
जमुई. जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत पर दूर करने को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है. इसी कड़ी में दूसरे दिन भी एसडीओ सौरव कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों व दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान कई स्थानों से अवैध रूप से उपयोग किये जा रहे घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किये गये. प्रशासन की टीम ने जमुई बाजार के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों और होटलों में जांच की. जांच के दौरान यह पाया गया कि कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है. ऐसे सभी सिलिंडरों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया. छापेमारी के दौरान एसडीओ सौरव कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध कराये जाने वाले गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून के विरुद्ध हैं, बल्कि आम उपभोक्ताओं के लिए गैस की कृत्रिम किल्लत भी पैदा करती हैं. एसडीओ ने बताया कि जिले में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा जमाखोरी और अवैध उपयोग के कारण समस्या उत्पन्न होती है. इसे रोकने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पूर्व गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गयी थी और पारदर्शिता बनाये रखने के निर्देश दिये गये थे. एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाने के लिए सख्त हिदायत दी गयी है. एसडीओ ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के छापेमारी अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के हर उपभोक्ता तक गैस सिलिंडर की नियमित और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










