लुधियाना की कंपनी में घायल मजदूर की 15 माह बाद मौत

लुधियाना स्थित स्काय-वे कंपनी में काम करने के दौरान मशीन की रॉड से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर की 15 महीने बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी.
जमुई . लुधियाना स्थित स्काय-वे कंपनी में काम करने के दौरान मशीन की रॉड से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर की 15 महीने बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककनचोर गांव निवासी स्व पुनीत सिंह के 45 वर्षीय पुत्र बिपिन कुमार के रूप में की गयी है. बिपिन ने मंगलवार को सदर अस्पताल जमुई में अंतिम सांस ली. घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बताया कि बिपिन कुमार पिछले 3–4 वर्षों से लुधियाना की स्काय-वे कंपनी में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. बीते 20 सितंबर 2024 को काम के दौरान मशीन में तकनीकी खराबी आने से अचानक लोहे की रॉड उनके सिर पर गिर गयी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चले गये थे. कंपनी ने उसे लुधियाना के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां सिर का ऑपरेशन भी किया गया. हालांकि कुछ समय बाद कंपनी ने इलाज का खर्च उठाने से इनकार कर दिया. इसके बाद परिजन उसे जमुई सदर अस्पताल ले आये, जहां लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था. मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. बिपिन कुमार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. पत्नी, बच्चों सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




