बरहट थाने में महिलाओं व बच्चों को मिलेगा सुरक्षित माहौल

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बीते बुधवार को बरहट थाना परिसर में महिला और बच्चों के लिए विशेष सुविधा से युक्त महिला-बाल कक्ष, अनुसंधानकर्ता कक्ष का विधिवत उदघाटन किया गया.
बरहट. विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बीते बुधवार को बरहट थाना परिसर में महिला और बच्चों के लिए विशेष सुविधा से युक्त महिला-बाल कक्ष, अनुसंधानकर्ता कक्ष का विधिवत उदघाटन किया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने मॉडल थाना भवन का निरीक्षण किया और बेहतर पुलिसिंग के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल थाना परिसर की कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि फरियादियों को भी एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा. बरहट थाना जिले का पहला थाना बन गया है, जहां चाइल्ड एंड वीमेन फ्रेंडली कक्ष की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. इस विशेष कक्ष में बच्चों के बैठने, पढ़ाई और खेलकूद की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि वे थाना में भी सहज महसूस कर सकें. महिलाओं की शिकायतों को सुगमता से दर्ज करने के लिए महिला हेल्प डेस्क को भी विस्तारित किया गया है. इसी क्रम में थाना परिसर में अनुसंधानकर्ताओं के लिए आधुनिक अनुसंधान कक्ष भी तैयार किया गया है, जिसमें अलग-अलग कंप्यूटर सेटअप, वाई-फाई कनेक्टिविटी और प्रिंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. इससे केस की जांच प्रक्रिया अधिक सटीक और त्वरित होगी. मौके पर बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव, अन्य पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे. एसपी ने सभी को थाने की नई व्यवस्थाओं का बेहतर उपयोग कर आम जनता को राहत पहुंचाने का निर्देश दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




