जमुई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की मांग तेज, लोजपा (आर) ने किया स्वागत

लोक जनशक्ति पार्टी (आर) की जिला इकाई ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार के बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए खेल क्षेत्र में किए गए प्रावधानों की सराहना की.
-केंद्रीय बजट में खेल क्षेत्र को बढ़ावा सराहनीय, खेलो इंडिया के प्रावधानों को बताया ऐतिहासिक जमुई. लोक जनशक्ति पार्टी (आर) की जिला इकाई ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार के बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए खेल क्षेत्र में किए गए प्रावधानों की सराहना की. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने की. इस दौरान नेताओं ने जमुई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया और जमुई सांसद अरुण भारती की इस पहल का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी बताया. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सिकंदरा विधानसभा प्रत्याशी रविशंकर पासवान, तारापुर के पूर्व प्रत्याशी चंदन सिंह, खैरा प्रखंड अध्यक्ष दीपक सिंह, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजन सिंह और युवा नेता रितिक रोशन ने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘खेलो इंडिया मिशन’ के नए चरण के लिए 924.35 करोड़ रुपये का प्रावधान कर युवाओं को बड़ा अवसर दिया है. नेताओं ने ‘स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग’ के लिए 500 करोड़ रुपये की विशेष पहल को भी सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे खेल उद्योग को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. वक्ताओं ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब ये सुविधाएं बड़े शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचे. इसी कड़ी में नेताओं ने कहा कि जमुई में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में उन्हें उचित मंच नहीं मिल पाता. ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अत्याधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण जरूरी है. नेताओं ने विश्वास जताया कि यदि जमुई में यह सुविधा विकसित होती है, तो यह क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी. साथ ही युवाओं को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




