नारी शक्ति के अभूतपूर्व उत्साह का गवाह बनी समृद्धि यात्रा
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 18 Mar 2026 9:47 PM
प्रखंड के लछुआड़ में आयोजित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा बुधवार को नारी शक्ति के अभूतपूर्व उत्साह का गवाह बनी.
ओम प्रकाश, सिकंदरा प्रखंड के लछुआड़ में आयोजित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा बुधवार को नारी शक्ति के अभूतपूर्व उत्साह का गवाह बनी. तेज धूप के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यह आयोजन एक तरह से महिलाओं के उत्सव में तब्दील हो गया. सुबह से ही शहरी और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से महिलाएं बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगीं. रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की उपस्थिति ने पूरे माहौल को उत्सवी बना दिया. कार्यक्रम की शुरुआत से पहले ही महिलाएं अपनी-अपनी कुर्सियों पर बैठ गयीं और सुबह 9:30 बजे तक पंडाल की सभी कुर्सियां महिलाओं से भर चुकी थीं. वहीं 10:30 बजे तक पंडाल के भीतर से कहीं अधिक महिलाएं बाहर फील्ड की गैलरी और सीढ़ियों पर नजर आने लगीं. प्रखंड के विभिन्न गांवों से आई संजू देवी, पूजा देवी, आरती देवी, अनिता देवी, चिंता देवी और रुक्मणि देवी समेत कई महिलाओं ने बताया कि वे मुख्यमंत्री को सुनने और देखने के लिए आई हैं. महिलाओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है और वे मुख्यमंत्री को अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं. कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी इतनी अधिक रही कि कुल उपस्थित लोगों में करीब 90 प्रतिशत महिलाएं ही थीं. खासकर जीविका संगठन से जुड़ी महिलाओं की उपस्थिति सबसे अधिक रही. इसके अलावा वे महिलाएं भी बड़ी संख्या में पहुंचीं, जिन्हें सरकार की ओर से स्वरोजगार के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है. समृद्धि यात्रा का यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, जागरूकता और सशक्तिकरण की जीवंत तस्वीर बनकर उभरा. जिस तरह से महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की, उसने यह साबित कर दिया कि अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी विकास की मुख्यधारा में मजबूती से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










