सड़क दुर्घटना में मृत फुकनी देवी के पति को मिली ₹2 लाख की बीमा राशि, PMSBY बनी गरीब परिवार का सहारा
मृतक फुकनी देवी के पति को चेक सौंपते भाजपा मंडल अध्यक्ष, शाखा प्रबंधक व बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) ने एक बार फिर आम आदमी को आर्थिक संबल प्रदान किया है. मात्र ₹20 के वार्षिक प्रीमियम पर एक परिवार को ₹2 लाख की बीमा राशि मिली है, जिसने विपरीत परिस्थिति में सहारा दिया.
जमुई जिले के चकाई प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर गांव निवासी दिवंगत फुकनी देवी के परिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) से बड़ा आर्थिक सहारा मिला है. सड़क दुर्घटना में फुकनी देवी की अकाल मृत्यु के बाद उनके नामिनी व पति नेपाल तांती को ₹2 लाख की बीमा दावा राशि प्रदान की गई है. बिहार ग्रामीण बैंक की चकाई शाखा में आयोजित कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक ने पीड़ित पति को ₹2 लाख का चेक सौंपा.
₹20 के प्रीमियम पर मिली ₹2 लाख की मदद
जानकारी के मुताबिक, बिशनपुर गांव निवासी फुकनी देवी ने अपने बैंक खाते के जरिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) का लाभ ले रखा था, जिसके लिए वह मात्र ₹20 का वार्षिक प्रीमियम जमा करती थीं. हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में उनकी दुखद मृत्यु हो गई. इसके बाद उनके पति नेपाल तांती ने आवश्यक कागजातों के साथ बैंक में क्लेम दायर किया. बैंक प्रशासन द्वारा कागजी प्रक्रिया तत्परता से पूरी किए जाने के बाद करीब एक माह के भीतर ₹2 लाख की पूरी राशि नामिनी के खाते में ट्रांसफर कर दी गई.
जनप्रतिनिधि व बैंक के प्रयास से जल्द पूरा हुआ क्लेम
भाजपा मंडल अध्यक्ष सह 20 सूत्री उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता के विशेष प्रयास एवं मार्गदर्शन से पीड़ित परिवार को योजना का लाभ त्वरित गति से मिल सका. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बेहद कम खर्च में आम और गरीब परिवारों को असमय संकट के वक्त बड़ा आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करती है. उन्होंने आम लोगों से इस जनकल्याणकारी योजना से जुड़ने की अपील की.
'विपरीत परिस्थिति में मददगार है योजना'
बिहार ग्रामीण बैंक चकाई के शाखा प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि पीएमएसबीवाई आम लोगों के लिए एक बेहद उपयोगी योजना है. उन्होंने कहा कि मामूली सालाना प्रीमियम पर दुर्घटना या असामयिक मौत की स्थिति में परिवार को आर्थिक तंगी से बचाया जा सकता है. चेक वितरण के दौरान गौरव कुमार, राकेश कुमार, प्रवेश पासवान सहित बिहार ग्रामीण बैंक के कई कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने बैंक और स्थानीय प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By श्याम सिंह तोमर
श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










