खैरा के कुरवाटांड़ में संदिग्ध परिस्थिति में 17 वर्षीया किशोरी की मौत, फंदे से लटकता मिला शव
घटना के बाद घर के बाहर लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
जमुई के खैरा में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवारिक विवाद के बाद किशोरी ने अपने कमरे में फंदे से झूलकर जान दे दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत गरही थाना क्षेत्र के कुरवाटांड़ स्थित मालाकार टोला में बीते सोमवार की देर रात 17 वर्षीया एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. किशोरी का शव उसके ही कमरे में फंदे से झूलता पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
परिजनों से विवाद के बाद कमरे में बंद कर ली थी कुंडी
मृतका की पहचान मालाकार टोला निवासी उमाकांत माली की 17 वर्षीया पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात घर में किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था. बहस के बाद ज्योति गुस्से में अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो उसका शव फंदे से लटकता मिला.
गरही थाना पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की खबर मिलते ही गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पलटा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गुलशन कश्यप
गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










