प्रभात फेरी से गूंजा बिहार दिवस, सांस्कृतिक रंगों में सराबोर हुआ जमुई स्टेडियम
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 22 Mar 2026 7:11 PM
बिहार दिवस 2026 के अवसर पर जिले में पूरे उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजन किया गया. दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई
जमुई. बिहार दिवस 2026 के अवसर पर जिले में पूरे उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजन किया गया. दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसे एसडीओ सौरव कुमार, एडीएम रविकांत सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय लोग शामिल हुए. देशभक्ति नारों और बिहार की गौरवशाली परंपरा की झलक प्रस्तुत करती यह फेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को जागरूक करते हुए स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई. शाम होते ही श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में बिहार दिवस का उत्सव अपने चरम पर पहुंच गया. यहां आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम श्री नवीन, एडीएम रविकांत सिन्हा, एसडीएम सौरव कुमार, डीईओ दयाशंकर सिंह, डीटीओ सुनील कुमार, मध्य निषेध अधीक्षक सुभाष पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. प्रस्तुतियों में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक संदेशों की सुंदर झलक देखने को मिली. पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा. इस अवसर पर श्री नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार के निर्माण में जमुई की अहम भूमिका है. उन्होंने आमजन से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखने की अपील की. उन्होंने जानकारी दी कि इस बार बिहार दिवस पर सरकारी संस्थाओं के साथ-साथ निजी एवं सामाजिक संस्थाओं को भी स्टॉल लगाने का अवसर दिया गया है. पूरे आयोजन ने जिले में एकता, संस्कृति और विकास की भावना को और अधिक मजबूत किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










