अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पूर्व संध्या पर जागरूकता संगोष्ठी, मजदूरों ने लिया शिक्षा व अधिकारों के प्रति सजग रहने का संकल्प

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पूर्व संध्या पर जागरूकता संगोष्ठी, मजदूरों ने लिया शिक्षा व अधिकारों के प्रति सजग रहने का संकल्प
जमुई. अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को समग्र सेवा संस्था कार्यालय सरयू सेवा सदन में जागरूकता सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में खैरा, जमुई एवं बरहट प्रखंडों से आए करीब 80 मजदूरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. उद्देश्य मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज व देश के विकास में उनकी भूमिका को सम्मान देना था. शुरुआत में विभिन्न क्षेत्रों से आए मजदूरों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए. समग्र सेवा संस्था के कार्यकर्ता राजेश ने मजदूरों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों तथा जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और बाल श्रम को कानूनन अपराध बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की. सामाजिक कार्यकर्ता सौरव कुमार ने न्यूनतम मजदूरी, सुरक्षित कार्य वातावरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने मजदूरों से संगठित रहकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया. परशुराम मांझी, ब्रह्मदेव मांझी, अंजना देवी, करी देवी सहित अन्य प्रतिभागियों—ने अपने विचार रखते हुए कहा, “हम मजदूर हैं, मजबूर नहीं. हम भी चाहते हैं कि हमारे बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करें.” उन्होंने संस्था द्वारा बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने बच्चों समेत समुदाय के सभी बच्चों के विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे. इस मौके पर संस्था के कार्यकर्ता मिशा भारती, उर्मिला, अर्जुन कुमार, बबिता कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










