ऑटो से 200 लीटर स्प्रिट बरामद, चालक गिरफ्तार

जिले में अवैध शराब और उससे जुड़े कारोबार पर शिकंजा कसते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है.
जमुई. जिले में अवैध शराब और उससे जुड़े कारोबार पर शिकंजा कसते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर बटिया स्थित चिरन पुल के पास छापेमारी कर एक ऑटो से करीब 200 लीटर स्प्रिट बरामद किया है. इस दौरान ऑटो चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में की गयी. गिरफ्तार चालक की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के लेखन कियारी गांव निवासी जितेंद्र वर्णवाल के रूप में हुई है. जानकारी देते उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि ऑटो से भारी मात्रा में स्प्रिट ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने चिरन पुल के पास वाहन की जांच की, जहां ऑटो में रखे चार गैलन से कुल 200 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद स्प्रिट झारखंड से लायी जा रही थी, जिसका इस्तेमाल अवैध रूप से शराब बनाने में किया जाता है. साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि स्प्रिट को पेट्रोल में मिलाकर बेचने की योजना थी. फिलहाल, गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभाग के सचिव और डीएम के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और उससे जुड़े कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में खौफ का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




