दिल्ली में वैशाली के खिलाड़ियों का जलवा, कराटे चैंपियनशिप में जीते छह पदक

Updated:
विज्ञापन

पदक के साथ खिलाड़ी व अन्य | Prabhat Khabar Network

नई दिल्ली में आयोजित 20वीं ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप में वैशाली के नौ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कुल छह पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन किया, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं.

विज्ञापन

Karate Championship : (हाजीपुर) नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित 20वीं ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप में वैशाली जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए इंस्टीट्यूट ऑफ मार्शल आर्ट्स, वैशाली के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने कुल छह पदक जीतकर जिले और बिहार का नाम रोशन किया. टीम के खाते में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक आए.

अंशुमान ने जीता स्वर्ण पदक

मनोज कुमार के पुत्र अंशुमान कुमार ने सात वर्ष आयु वर्ग के 25 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उनके प्रदर्शन से टीम में उत्साह का माहौल रहा.

हर्ष और आदित्य ने हासिल किया रजत

रवि शंकर प्रसाद साह के पुत्र हर्ष आनंद ने 14 वर्ष आयु वर्ग के 52 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रजत पदक जीता. वहीं आदित्य आनंद ने 13 वर्ष आयु वर्ग के 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया.

तीन खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक

कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शिव चंद्र चौरसिया के पुत्र अंशुमान कश्यप ने 13 वर्ष आयु वर्ग के 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया. डॉ. अशोक कुमार के पुत्र अंश प्रीत ने 11 वर्ष आयु वर्ग के 57 किलोग्राम से कम भार वर्ग में तथा अशोक कुमार के पुत्र आयुष राज ने 13 वर्ष आयु वर्ग के 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता.

राष्ट्रीय प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में मिली सफलता

खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय उनके राष्ट्रीय प्रशिक्षक रवि कुमार राय को दिया जा रहा है. उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. बिहार टीम ने बिहार राज्य कराटे संघ के महासचिव पंकज कामली के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया.

खिलाड़ियों की उपलब्धि से खुशी का माहौल

वैशाली के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले सहित पूरे बिहार में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन