Hajipur News : मौसम की तल्खी ने बढ़ायी बेचैनी, गर्मी से लोग बेहाल

Published by : SHAH ABID HUSSAIN Updated At : 10 Jun 2025 11:06 PM

विज्ञापन

गर्मी के प्रचंड तेवर से लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है. तीखी धूप की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है. दिन चढ़ते ही बदन झुलसा देने वाली धूप के कारण बच्चे से बूढ़े तक, सभी पस्त हो जा रहे हैं.

विज्ञापन

हाजीपुर. गर्मी के प्रचंड तेवर से लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है. तीखी धूप की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है. दिन चढ़ते ही बदन झुलसा देने वाली धूप के कारण बच्चे से बूढ़े तक, सभी पस्त हो जा रहे हैं. तेज धूप का सामना करने की हिम्मत लोग नहीं जुटा पा रहे. फुटपाथ दुकानदारों, वेंडरों, रिक्शा-ठेला चालकों और कामकाजी लोगों को गर्मी की मार ज्यादा झेलनी पड़ रही है. कभी-कभी आसमान में मंडराते बादल लोगों के मुंह चिढ़ा रहे हैं. आग उगलती गर्मी की वजह से सड़कों पर दिन में सन्नाटा छाया रह रहा है. पिछले तीन-चार दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री रह रहा है. रात में भी तापमान 28 से 30 डिग्री रह रहा है. भीषण गर्मी के बीच बार-बार हो रहे पावर कट की समस्या से परेशानी और ज्यादा बढ़ जा रही है. फिलहाल गर्मी से लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम का मिजाज देख ज्यादातर लोग दिन में घरों में बंद रहना ही मुनासिब समझ रहे हैं. तीखी धूप के साथ गर्म हवा के झोंके और उमस की वजह से लोगों को न घर में चैन मिल रहा है और न ही बाहर. दोपहर में बाजार की सड़कों पर कर्फ्यू सा नजारा देखने को मिल रहा है. बेहद जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वाले लोग गर्मी से बेदम हो जा रहे हैं. आलम यह है कि पसीने से तर-ब-तर लोग कुछ कदम चलते ही छाया ढूंढने लगते हैं. हलक सूखने पर लोग कोल्ड ड्रिंक्स और जूस आदि की दुकानों का रुख कर रहे हैं. शहर में पेयजल के लिए पर्याप्त संख्या में वाटर सप्लाइ का नल या चापाकल नहीं होने के कारण प्यास लगने पर बोतलबंद पानी खरीद कर पीना लोगों की मजबूरी है. शहर के वाहन पड़ाव पर शेड की व्यवस्था नहीं होने की वजह से यात्रियों को भी धूप में खड़ा होकर गाड़ी की प्रतीक्षा करनी

पड़ रही है. बेबश हुए किसान, दम तोड़ रहे पशु-पक्षी

गांवों के मैदानी इलाकों में धूप की धमक देख किसान भी सहमे हुए हैं. वे खेतों में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे. इस प्रचंड गर्मी के बीच खेतों में लगी हरी सब्जियों एवं अन्य फसलों को जलने-मुरझाने से बचाना किसानों की बड़ी चुनौती है. सुबह से ही धूप इतनी तीखी हो जा रही है कि दिन में खुले आसमान के नीचे किसानों के लिए काम करना मुश्किल हो रहा है. गांव के आहार-पोखर,तालाबों और नहरों के सूख जाने से मवेशियों के सामने भी पानी का संकट है. प्यास से तड़पते पशु-पक्षी गर्मी की मार झेल रहे हैं. पशु-पक्षियों को कहीं-कहीं पानी के बिना दम तोड़ते देखा जा रहा है.

रात में भी नहीं मिल रही राहत

मंगलवार को प्रचंड गर्मी से हर कोई परेशान दिख रहा था. आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच उमस वाली गर्मी ने लोगों को बेचैन कर दिया. दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया. शाम को भी बहुत राहत नहीं मिली. दिन में गर्मी की मार से बेहाल लोगों को रात में भी इससे राहत नहीं मिल पा रही है. रात में भी तापमान अधिक रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इस भीषण गर्मी में पंखा भी गर्म हवा दे रहा है. वहीं एसी भी बार-बार ट्रिप कर जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHAH ABID HUSSAIN

लेखक के बारे में

By SHAH ABID HUSSAIN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन