वैशाली: पेपर लीक, छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में जंदाहा में प्रदर्शन, सड़क जाम किया

प्रदर्शन करते छात्र| Prabhat Khabar Network
वैशाली के जंदाहा में NEET पेपर लीक मामले में छात्रों पर कथित बल प्रयोग के विरोध में छात्र सड़कों पर उतरे. विभिन्न छात्र संगठनों ने NH 322 जाम कर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.
Student Protest : वैशाली जिले के जंदाहा में पेपर लीक मामले में छात्रों पर हुए कथित बल प्रयोग और प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में शनिवार को जंदाहा की सड़कों पर छात्र आक्रोश देखने को मिला. विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की.
सड़क जाम किया, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार
छात्र हाजीपुर-मुसरीघरारी एनएच 322 स्थित बाया नदी पुल के पास एकत्र हुए और सड़क को जाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. आंदोलनकारी छात्र एनईईटी (NEET) पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे थे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. छात्र नेताओं का आरोप था कि पेपर लीक की वजह से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है, लेकिन सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय छात्रों के हितों की अनदेखी कर रही है.
प्रशासन रहा अलर्ट, मुस्तैदी से हटा जाम
प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में नजर आया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर महुआ के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) विवेक चंद्र पटेल और अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संजीव कुमार खुद स्थिति की निगरानी कर रहे थे।
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाया
इसके अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार, बीपीआरओ मुकुल रंजन, अंचल अधिकारी रविशंकर, जंदाहा पुलिस अंचल निरीक्षक विजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी, महिसौर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया, बलिगांव थानाध्यक्ष राम निवास कुमार समेत कई थानों की पुलिस टीम मुस्तैद रही। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उग्र छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही एनएच से जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










