लंबित मांगों को लेकर शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन, विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र निर्णय की मांग

Updated:
विज्ञापन

धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षकेतर कर्मचारी | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर के जमुनी लाल महाविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में मंगलवार को जमुनी लाल महाविद्यालय परिसर में शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

वर्षों से लंबित मांगों की अनदेखी का आरोप

वैशाली जिला शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के सचिव अंकुर भास्कर ने कहा कि कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है. इससे कर्मचारियों में काफी असंतोष है. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से बीते 29 जुलाई के पत्रांक को तत्काल वापस लेने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने तथा पदोन्नत कर्मचारियों का वेतन निर्धारण शीघ्र करने की मांग की.

वेतनमान के अंतर की राशि के भुगतान की मांग

कर्मचारियों ने 5वें, 6वें एवं 7वें वेतनमान के अंतर की राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग की. इसके साथ ही अनुकंपा के आधार पर आश्रितों की नियुक्ति, सामूहिक एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की भी मांग उठाई.

दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मियों के लिए भी मांग

धरना में दैनिक वेतनभोगी एवं संविदा कर्मियों को समझौते के अनुरूप पत्र निर्गत करने तथा विश्वविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए अधिसूचित पदों पर तत्काल पदस्थापन की मांग भी की गई.

मांगों को बताया न्यायोचित

मौके पर शिक्षक संघ के सचिव डॉ. श्याम किशोर सिंह, डॉ. छोटे लाल गुप्ता एवं डॉ. नितिन कुमार ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया. वक्ताओं ने कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया. धरना में कुमार प्रशांत, अमर आकाश, समरेंद्र, अग्निवेश कुमार, विश्वजीत कुमार, संजय कुमार, विश्वजीत कुमार द्वितीय, दीपक कुमार, तेजनारायण कुमार सहित अन्य शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद थे.


विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन