महुआ में पागल कुत्ते का आतंक, दर्जनों लोगों को काटा, अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं मिलने से आक्रोश

अनुमंडल हॉस्पिटल महुआ
Hajipur News : महुआ में पागल कुत्ते के काटने से दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। सरकारी अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन न होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
Hajipur News : महुआ नगर परिषद क्षेत्र के महुआ मुकुंदपुर गांव में एक पागल कुत्ते ने दर्जनों लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं अनुमंडल अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
डाकघर मोहल्ले में लोगों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पागल कुत्ते ने थाना के सामने स्थित डाकघर मोहल्ले में अचानक लोगों पर हमला कर दिया. हमले में कई लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
वैक्सीन नहीं मिलने पर परिजनों ने जताया आक्रोश
घायलों के परिजन सुमित सहगल, शेखर गुप्ता, संजय गुप्ता, प्रेम चौधरी, राजू कुमार, अजय गुप्ता सहित अन्य लोगों ने अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई. उनका कहना था कि अनुमंडल अस्पताल होने के बावजूद यहां आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं और वैक्सीन समय पर उपलब्ध नहीं रहती हैं, जिससे मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
अस्पताल उपाधीक्षक ने बताई वैक्सीन नहीं होने की वजह
इस संबंध में पूछे जाने पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनोरंजन सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों से एंटी रैबीज वैक्सीन का स्टॉक समाप्त हो गया है. इसकी सूचना संबंधित विभाग को भेज दी गई है. वैक्सीन उपलब्ध होते ही सभी मरीजों को टीका लगाया जाएगा.
Also Read : हाजीपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर के बाहर मोबाइल देख रहे युवक को मारी दो गोलियां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










