श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट. कांवर पथ पर सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक की होगी कड़ी निगरानी

बैठक करते डीएम-एसपी
Hajipur News : श्रावणी मेला में कांवरियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए डीएम-एसपी ने विशेष अभियान शुरू किया है। ट्रैफिक और सुविधाओं पर रहेगी कड़ी निगरानी।
Hajipur News : श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवरियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा.
कांवर पथ और संवेदनशील स्थानों पर रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा
प्रशासन ने कांवर पथ, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा लगातार गश्ती और निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया है.
ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का सख्ती से होगा पालन
श्रावणी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्लान का पालन कराया जाएगा. डायवर्जन स्थलों पर पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती, बैरिकेडिंग, सूचना पट लगाने तथा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
स्वास्थ्य, पेयजल और साफ-सफाई की रहेगी विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा दल, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार और जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था की जाएगी. वहीं कांवर पथ और विश्राम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं.
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे निगरानी
डीएम और एसपी ने पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार करने के निर्देश दिए हैं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि पहलेजाघाट से गंगाजल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम सहित विभिन्न शिवालयों की ओर जाने वाले कांवरियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










