हाजीपुर-सुगौली रेल लाइन परियोजना का डीआरएम ने किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीआरएम अमित सरन एवं अन्य
हाजीपुर-सुगौली नई रेल लाइन परियोजना के देवरिया-सुगौली खंड का डीआरएम अमित सरन ने निरीक्षण किया. देवरिया, साहेबगंज और केसरिया स्टेशन पर निर्माण कार्यों की समीक्षा की.
हाजीपुर: हाजीपुर–सुगौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत देवरिया–सुगौली खंड में चल रहे निर्माण कार्यों का सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने व्यापक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए.
देवरिया स्टेशन पर सुविधाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा
डीआरएम अमित सरन ने देवरिया स्टेशन पहुंचकर स्टेशन परिसर, पैनल रूम और सबवे का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
साहेबगंज स्टेशन पर निर्माण कार्यों का लिया जायजा
इसके बाद डीआरएम ने निर्माणाधीन साहेबगंज स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. डीआरएम ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही निर्माण कार्य में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
केसरिया स्टेशन पर स्टेशन भवन का किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम अमित सरन ने केसरिया स्टेशन का भी जायजा लिया. उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली. इसके अलावा निर्माणाधीन रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) और रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का भी निरीक्षण किया.
डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
रेल परियोजना से क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
डीआरएम अमित सरन ने कहा कि हाजीपुर–सुगौली नई रेल लाइन परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. परियोजना के पूरा होने से यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा.
उन्होंने कहा कि नई रेल लाइन के निर्माण से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है. निरीक्षण के दौरान रेलवे के संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










