हाजीपुर: पातेपुर में शौचालय की राशि के लिए 1500 रुपये मांगने का आरोप, लाभुकों ने की जांच की मांग

Updated:
विज्ञापन
फोटो -53- विरोध जताती महिला | Prabhat Khabar Network

विरोध जताती महिला

पातेपुर में शौचालय निर्माण की राशि के बदले रिश्वत मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने सहयोग पोर्टल पर की शिकायत। जांच की मांग तेज।

विज्ञापन

हाजीपुर: पातेपुर प्रखंड की सिमरवारा पंचायत के वार्ड संख्या एक में लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण कराने वाले दर्जनों लाभुकों को अब तक योजना की राशि नहीं मिलने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शौचालय निर्माण के बाद जिओ टैगिंग होने के बावजूद उनके खाते में अनुदान की राशि नहीं भेजी गयी.

लाभुकों का आरोप है कि राशि भुगतान के लिए प्रखंड समन्वयक द्वारा कथित तौर पर प्रति लाभुक 1,500 रुपये की मांग की गयी. पैसे नहीं देने पर भुगतान की प्रक्रिया को टालने और उन्हें कार्यालय का चक्कर लगवाने का आरोप लगाया गया है. मामले को लेकर स्थानीय पंचायत समिति सदस्य रवि रंजन कुमार ने सरकार के सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

फरवरी के अंत में हुई थी जिओ टैगिंग

पंचायत समिति सदस्य रवि रंजन कुमार ने बताया कि सिमरवारा पंचायत के वार्ड संख्या एक में 50 से अधिक ऐसे लाभुक हैं, जिन्होंने लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय का निर्माण कराया है. निर्माण पूरा होने के बाद लाभुकों ने सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि के लिए आवेदन किया था.

उन्होंने बताया कि आवेदन के बाद फरवरी माह के अंत में लाभुकों के शौचालयों की जिओ टैगिंग की गयी थी. इसके बाद भी अब तक कई लाभुकों के खाते में राशि नहीं पहुंची है.

प्रखंड समन्वयक पर 1500 रुपये मांगने का आरोप

लाभुक महिलाओं ने आरोप लगाया कि जिओ टैगिंग करने वाले प्रखंड समन्वयक धमेंद्र कुमार ने कथित तौर पर प्रति लाभुक 1,500 रुपये की मांग की थी. आरोप है कि उन्हें बताया गया कि राशि देने के बाद ही खाते में भुगतान किया जाएगा.

लाभुकों के अनुसार, पैसे देने में असमर्थता जताने के बाद उनकी भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ायी गयी. महिलाओं ने मामले में जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी नहीं हुआ भुगतान

पंचायत समिति सदस्य ने बताया कि लाभुकों की राशि भुगतान कराने के लिए कई बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाया जा चुका है. मामले की शिकायत बीडीओ डॉ. दीपक कुमार से भी की गयी थी.

लाभुकों के अनुसार, हर बार एक-दो दिन में राशि खाते में भेजने का आश्वासन दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ. पंचायत समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया जा चुका है. इसके बावजूद राशि का भुगतान नहीं होने पर सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी गयी है.

पीड़ित महिला ऋतु देवी, किरण देवी, शीला देवी, मुन्नी देवी, रानी देवी और रेखा देवी समेत अन्य लाभुकों ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगी.

बीडीओ ने कहा, जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस संबंध में पातेपुर बीडीओ डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गयी है तो मामला उनके पास आएगा.

बीडीओ ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच करायी जाएगी. यदि जांच में कोई कर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा.


विज्ञापन
Gopal Kumar Roy

लेखक के बारे में

By Gopal Kumar Roy

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन