हाजीपुर: देसरी में मधुमक्खी के डंक से 4 साल के बच्चे की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Updated:
विज्ञापन
रोते बिलखते परिजन  | Prabhat Khabar Network

रोते बिलखते परिजन

देसरी में मधुमक्खी के काटने से चार वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

विज्ञापन

Hajipur News: देसरी प्रखंड क्षेत्र की धर्मपुर रामराय पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित लखनपुर ताल में मधुमक्खी के डंक से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. तीन दिन पहले मधुमक्खियों के काटने के बाद बच्चे को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान विकास पासवान के चार वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार के रूप में हुई है.

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. पूरे टोले में मातम का माहौल है.

दुकान से बिस्कुट लेकर लौट रहा था अनमोल

परिजनों और ग्रामीण शत्रुघ्न पासवान ने बताया कि अनमोल कुमार मंगलवार की दोपहर घर के पास स्थित दुकान से बिस्कुट लेने गया था. दुकान से वापस लौटने के दौरान रास्ते में मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया.

मधुमक्खियों के डंक मारने के बाद अनमोल जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर मां राधा देवी घर से बाहर निकलीं. बच्चे को घायल अवस्था में देखकर वह उसे तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर गयीं.

तीसरे दिन इलाज के दौरान हुई मौत

अस्पताल में अनमोल का इलाज चल रहा था. परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार होगा, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी.

अनमोल तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके पिता विकास कुमार पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की मांग

घटना के बाद समाजसेवी विजय राय, जिला पार्षद मोहित पासवान, लोजपा नेता शत्रुघ्न पासवान समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया. लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Manohar Kumar

लेखक के बारे में

By Manohar Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन