महनार में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण, प्रशासन ने की कड़ी निगरानी

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 03 Jun 2026 8:07 PM

विज्ञापन

पैक्स उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया के दौरान जुटे मतदाता व निर्वाचन कर्मी

Hajipur News : मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना, देर रात नतीजे आने की संभावना, मतदाताओं में दिखा उत्साह

विज्ञापन

हाजीपुर से कृत्यानंद सिंह की रिपोर्ट
Hajipur News : महनार प्रखंड के महिन्दवारा पैक्स में अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को 57.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. मतदान समाप्त होने के बाद प्रखंड मुख्यालय में मतों की गिनती शुरू कर दी गई, जबकि देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना जताई गई है. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि कुल 2745 मतदाताओं में से 1578 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान प्रक्रिया सुबह से ही शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई और निर्धारित समय तक जारी रही. चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. मतदान केंद्रों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी भी तैनात थे.

मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद शाम से ही प्रखंड कार्यालय परिसर में मतगणना का कार्य शुरू कर दिया गया. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में मतों की गिनती की जा रही है. निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि मतगणना पूरी होने के बाद देर रात तक चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी.

कहासुनी के बाद कुछ देर रही अफरा-तफरी

मतदान के दौरान पंचायत भवन स्थित मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर जमकर कहासुनी हो गई. इससे कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों के चोटिल होने की भी चर्चा रही. वहीं कुछ लोगों ने पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया. हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इस संबंध में एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि कुछ लोग मतदान प्रक्रिया के दौरान हंगामा करने का प्रयास कर रहे थे. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वहां से हटा दिया, जिससे स्थिति तुरंत सामान्य हो गई और मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई. उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान कहीं कोई बड़ी घटना नहीं हुई तथा मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में

महिन्दवारा पैक्स उपचुनाव में अध्यक्ष पद के लिए लक्ष्मण सिंह कुशवाहा, ऋतु राज शरण एवं योगानंद सिंह चुनावी मैदान में हैं. वहीं सदस्य पद के लिए विभिन्न वर्गों से कुल 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. सामान्य वर्ग से जयप्रकाश सिंह, राजीव कुमार सिंह, राजेश कुमार वर्मा, चंद्र भूषण कुमार, रेखा देवी, सीमा कुमारी एवं रूबी कुमारी, पिछड़ा वर्ग से अमरनाथ राय एवं सुधा देवी, अत्यंत पिछड़ा वर्ग से उमेश प्रसाद साह एवं तन्नु कुमारी तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से सुरेंद्र मांझी, निरंजन कुमार एवं रीता देवी चुनावी मैदान में हैं. मतदान के दौरान एसडीओ नीरज कुमार, एसडीपीओ प्रवीण कुमार, बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार तथा महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. समाचार प्रेषण तक मतगणना जारी थी और परिणाम की प्रतीक्षा की जा रही थी.

Also Read : शहजाद को पीट-पीटकर मारनेवाले 5 अरेस्ट; तड़पता छोड़नेवाला दारोगा सस्पेंड, 2 होमगार्ड सेवामुक्त होंगे, थानेदार पर शोकॉज

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन