लालगंज में गंडक खतरे के निशान से 0.6 मीटर नीचे बह रही, पिछले 12 घंटे में 7.5 मिमी की रफ्तार से बढा पानी, प्रशासन अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

गंडक नदी का बढ़ा जलस्तर | Prabhat Khabar Network

नेपाल और बिहार में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. वैशाली जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है. नागरिकों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.

विज्ञापन

Hajipur News : नेपाल और बिहार में लगातार हो रही बारिश तथा वाल्मीकिनगर बराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और संभावित बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है.

12 घंटे में बढ़ा जलस्तर

बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, लालगंज के अनुसार पिछले 12 घंटे में गंगा नदी का जलस्तर 6.66 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ा है. फिलहाल गंगा नदी खतरे के निशान से 1.96 मीटर नीचे बह रही है. वहीं गंडक नदी का जलस्तर भी पिछले 12 घंटे में 7.5 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है. लालगंज में गंडक नदी खतरे के निशान से 0.60 मीटर नीचे बह रही है.

रेवा, लालगंज और हाजीपुर पर विशेष नजर

विभागीय आंकड़ों के अनुसार रेवा में गंडक नदी खतरे के निशान से 1.02 मीटर नीचे, लालगंज में 0.60 मीटर नीचे तथा हाजीपुर में 3.11 मीटर नीचे बह रही है. वहीं गंगा नदी का जलस्तर पटना के गांधी घाट पर मापा जाता है, जहां यह खतरे के निशान से 1.96 मीटर नीचे है.

निचले इलाकों की हो रही लगातार मॉनिटरिंग

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाजीपुर, महुआ और महनार अनुमंडल के सभी अंचलाधिकारियों, बाढ़ नियंत्रण विभाग, जल निकासी प्रमंडल, नगर निकायों, आपदा प्रबंधन शाखा तथा एसडीआरएफ की टीमों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. तटबंधों की लगातार निगरानी, दियारा और निचले क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण तथा संभावित प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव संसाधन उपलब्ध रखने के आदेश दिए गए हैं. साथ ही गंगा और गंडक के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है.

आपात स्थिति के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जिला प्रशासन ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया है. किसी भी आपदा या आपात स्थिति में आम नागरिक दूरभाष संख्या 06224-260233 एवं 06224-260234 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं. जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज



विज्ञापन
अभिषेक शाश्वत

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन