पंजाब से लौटे युवक की शादी समारोह के विवाद में गई जान, DJ पर वीडियो बनाने को लेकर मारपीट के बाद मौत

विज्ञापन

मृतक फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के टीकापट्टी में डीजे पर वीडियो बनाने के विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. गांव में तनाव का माहौल, आरोपी फरार.

विज्ञापन

Purnia News: पूर्णिया के रूपौली थाना क्षेत्र के मिलिक टोला में एक शादी समारोह के दौरान DJ पर वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अब एक परिवार के लिए आजीवन दर्द बन गया है. पंजाब से कुछ दिन पहले ही घर लौटे श्री प्रसाद महतो की इलाज के दौरान मौत हो गई. सोमवार शाम जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम पसर गया. परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की भीड़ ने माहौल को बेहद भावुक बना दिया. घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है और आरोपी पक्ष के कई लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.

शादी की खुशी देखते ही देखते मातम में बदली

परिजनों के अनुसार श्री प्रसाद महतो 29 जुलाई को पंजाब से अपने गांव लौटे थे. उसी शाम गांव में एक शादी समारोह चल रहा था, जहां DJ बज रहा था और परिवार की एक युवती नृत्य कर रही थी. इसी दौरान गांव के ही लखिंदर महतो के दामाद इंदल महतो मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे.

बताया गया कि युवती के भाई सूरज कुमार ने वीडियो हटाने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. उस समय मामला शांत होता दिखा, लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

लाठी-डंडों से हमला, गंभीर रूप से घायल हुए श्री प्रसाद

मृतक की पत्नी रतनी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद मिलिक टोला के पप्पू महतो, मिथुन कुमार, कुंदन कुमार समेत कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और श्री प्रसाद महतो के साथ मारपीट शुरू कर दी.

हमले में श्री प्रसाद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले स्थानीय रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया. हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले गए. वहां से बेहतर इलाज की सलाह मिलने पर उन्हें पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Purnia News: शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

सोमवार शाम जब श्री प्रसाद महतो का शव गांव पहुंचा तो परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव के बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देने लगे. एक मामूली विवाद के बाद हुई इस मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद को शांत करा दिया जाता या शुरुआती स्तर पर समझदारी दिखाई जाती, तो शायद एक परिवार का कमाने वाला सदस्य आज जीवित होता.

23 लोगों पर पहले ही दर्ज हो चुका है मामला

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने टीकापट्टी थाना में 23 लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन दिया था. पुलिस ने पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी. अब युवक की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पक्ष के कई लोग गांव छोड़कर फरार हैं. DJ संचालक के भी गांव छोड़कर चले जाने की बात सामने आ रही है.

पुलिस की कार्रवाई और आगे की स्थिति

टीकापट्टी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है.

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि छोटे-छोटे सामाजिक विवाद किस तरह हिंसा में बदलकर किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकते हैं. गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

Also Read: बांकीपुर में हार के बाद BJP में मंथन शुरू, CM सम्राट चौधरी अचानक पहुंचे प्रदेश कार्यालय, बंद कमरे में चल रही है बैठक

Also Read: मनोज तिवारी फ्रॉड आदमी हैं', विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर का चैलेंज- हिम्मत है तो भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाकर दिखाएं


विज्ञापन
विजय कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By विजय कुमार सिंह

विजय कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. रुपौली (पूर्णिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन