हाजीपुर : दस दिन पहले भी बर्बाद हुई थी फसल, अब दोबारा काट दी लौकी-करेला समेत सब्जियां, किसान ने दिया आवेदन

Updated:
विज्ञापन

खेत में लगी सब्जी सांकेतिक तस्वीर

Belsar Crops Destroyed : हाजीपुर के चकमुन्नी गांव में एक किसान की सब्जी की फसल को बेरहमी से काटा गया. खेत पर देख लेने पर आरोपी हथियार लेकर भाग गए. यह घटना दस दिन पहले हुई इसी तरह की बर्बरता के बाद हुई है.

विज्ञापन

Belsar Crops Destroyed : हाजीपुर के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के चकमुन्नी गांव में खेत में लगी सब्जी की फसल को धारदार हथियार से काटकर बर्बाद करने का मामला सामने आया है. चकमुन्नी गांव निवासी किसान चुन्नू कुमार ने बेलसर थाने में आवेदन देकर तीन नामजद समेत अन्य लोगों पर फसल नष्ट करने का आरोप लगाया है. किसान के आवेदन के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शाम को खेत पहुंचे किसान तो सामने आया मामला

किसान चुन्नू कुमार के अनुसार, 16 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह अपने घर से लगभग 100 मीटर पूरब स्थित पांच कट्ठा खेत में लगी सब्जी की फसल देखने गए थे. वहां पहुंचने पर उन्होंने कथित तौर पर कुछ लोगों को खेत में फसल काटते देखा. किसान का आरोप है कि शुक्ला महतो, दीनदयाल महतो और राजन कुमार समेत अन्य लोग लोहे के धारदार हथियार से लौकी सहित अन्य सब्जियों की फसल काट रहे थे.

रोकने की कोशिश की तो हथियार लेकर भागे आरोपी

आवेदन में किसान ने बताया कि उन्होंने खेत में फसल काट रहे लोगों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया. लेकिन आरोपित हथियार लेकर मौके से भाग निकले. किसान के अनुसार, घटना के दौरान खेत में लगी सब्जियों को काफी नुकसान पहुंचाया गया.

दस दिन पहले भी फसल काटने का आरोप

चुन्नू कुमार का आरोप है कि करीब दस दिन पहले भी उनके घर के उत्तर-पश्चिम स्थित खेत में लगी करेला और अन्य सब्जियों की फसल को धारदार हथियार से काटकर बर्बाद किया गया था. उस घटना के बाद गांव के करीब दस सम्मानित लोगों ने कथित आरोपितों को समझाया था.

ग्रामीणों की समझाइश के बाद भी दोबारा घटना का आरोप

किसान के अनुसार, ग्रामीणों ने आरोपितों को भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने की हिदायत दी थी. इसके बावजूद करीब दस दिनों के अंदर ही दोबारा खेत में पहुंचकर फसल काटने की घटना सामने आई. किसान ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि किसान के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई मनीष कुमार को सौंपी गई है. पुलिस अब घटना से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है.

पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर

मामले में किसान ने तीन लोगों को नामजद करते हुए अन्य लोगों पर भी फसल नष्ट करने का आरोप लगाया है. फिलहाल आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद घटना में शामिल लोगों और फसल को हुए नुकसान से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read : हाजीपुर : नेपाली मंदिर और पुष्करणी पोखर का बदलेगा स्वरूप, डीएम ने दिया निर्देश, जानें पूरी खबर


विज्ञापन
विनय पटेल

लेखक के बारे में

By विनय पटेल

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन